दैनिक सांध्य बन्धु जबलपुर। नगर निगम द्वारा शहर की सड़क व्यवस्था को मजबूत करने और महानगरीय सुविधाओं को बढ़ाने के लिए लगातार कार्य किए जा रहे हैं। महापौर जगत बहादुर सिंह अन्नू ने बताया कि जबलपुर अब महानगर की श्रेणी में आगे बढ़ रहा है और इसी दिशा में नगर निगम ने त्वरित व उच्च गुणवत्ता वाले निर्माण कार्यों को प्राथमिकता दी है।
महापौर अन्नू के निर्देश पर कछपुरा ब्रिज पर रातों-रात डामरीकरण का कार्य पूरा किया गया। जिस प्रकार शास्त्री ब्रिज पर पूर्व में रातों-रात निर्माण कराया गया था, उसी तर्ज पर कछपुरा ब्रिज पर भी महापौर की उपस्थिति में उच्च गुणवत्ता के साथ कार्य संपन्न किया गया। निर्माण के बाद अब इस मार्ग से आवागमन बेहद सुगम हो गया है और नागरिकों ने निगम के इस त्वरित कार्य की सराहना की है।
महापौर ने बताया कि पिछले 39 माह के कार्यकाल में 600 करोड़ रुपये की लागत से शहर में बड़े पैमाने पर सड़क और नाले का निर्माण कराया गया है। उन्होंने कहा कि शहर की लगभग 99 प्रतिशत प्रमुख सड़कें गड्ढामुक्त की जा चुकी हैं, जिससे यातायात में उल्लेखनीय सुधार हुआ है।
कछपुरा ब्रिज के निरीक्षण के दौरान महापौर के साथ निगम अध्यक्ष रिकुंज विज, एमआईसी सदस्य विवेकराम सोनकर, डॉ. सुभाष तिवारी, श्रीमती अंशुल राघवेन्द्र यादव, श्रीमती रजनी कैलाश साहू, अधीक्षण यंत्री कमलेश श्रीवास्तव, कार्यपालन यंत्री शैलेन्द्र मिश्रा, संभागीय यंत्री वीरेन्द्र पाण्डेय और श्रीमती अंजली सिंह चौहान सहित अन्य अधिकारी मौजूद रहे।
महापौर अन्नू ने कहा कि तीव्र विकास, सुदृढ़ सड़क नेटवर्क और नागरिक सुविधाओं में निरंतर बढ़ोतरी के साथ अब जबलपुर वास्तविक रूप से महानगर का स्वरूप ले रहा है।