Jabalpur News: संभागीय पेंशन कार्यालय में लोकायुक्त की बड़ी कार्रवाई, सहायक पेंशन अधिकारी रिश्वत लेते रंगे हाथ गिरफ्तार

दैनिक सांध्य बन्धु जबलपुर। लोकायुक्त पुलिस ने सोमवार को बड़ी कार्रवाई करते हुए जबलपुर कलेक्ट्रेट स्थित संभागीय पेंशन कार्यालय में पदस्थ सहायक पेंशन अधिकारी सचिन कुमार झा को 10,000 रुपये की रिश्वत लेते हुए रंगे हाथ गिरफ्तार किया।

लोकायुक्त एसपी अंजुलता पटले ने बताया कि आरोपी अधिकारी को यह रिश्वत तिलहरी निवासी सेवानिवृत्त लैब टेक्नीशियन किशोर कुमार झारिया से लेते हुए पकड़ा गया। झारिया ने अपनी दूसरी पत्नी का नाम पारिवारिक पेंशन में नॉमिनी के रूप में जुड़वाने के लिए आवेदन किया था। आरोपी अधिकारी ने इस कार्य के बदले 10 हजार रुपये की रिश्वत मांगी थी।

शिकायत मिलने के बाद लोकायुक्त पुलिस ने सत्यापन किया और योजनाबद्ध तरीके से ट्रैप कार्रवाई की। सोमवार को आरोपी को कलेक्ट्रेट कार्यालय परिसर में रिश्वत लेते हुए पकड़ा गया।

कार्रवाई के दौरान लोकायुक्त दल में उप पुलिस अधीक्षक सुरेखा परमार, निरीक्षक रेखा प्रजापति और निरीक्षक बृजमोहन सिंह नरवरिया शामिल थे। लोकायुक्त टीम ने रिश्वत की रकम जब्त कर ली है और आरोपी के खिलाफ भ्रष्टाचार निवारण अधिनियम के तहत मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी गई है।

Post a Comment

Previous Post Next Post