दैनिक सांध्य बन्धु नई दिल्ली। दिल्ली में सोमवार शाम लाल किले के पास एक चलती कार में जोरदार धमाका हुआ, जिसमें 10 लोगों की मौत हो गई और 24 लोग घायल हो गए। धमाका इतना शक्तिशाली था कि कार के साथ-साथ आसपास खड़ी तीन अन्य गाड़ियां भी आग की चपेट में आ गईं।
दिल्ली पुलिस कमिश्नर सतीश गोलचा ने बताया कि यह हादसा शाम 6:52 बजे फोर्ट मेट्रो स्टेशन के गेट नंबर-1 के पास हुआ। फिलहाल धमाके की वजह स्पष्ट नहीं है। पुलिस ने इलाके को पूरी तरह से घेर लिया है और फॉरेंसिक टीम जांच में जुटी है।
घटना के बाद NIA और NSG की टीमें भी मौके के लिए रवाना कर दी गई हैं। आसपास के CCTV फुटेज खंगाले जा रहे हैं ताकि धमाके के कारणों और संदिग्धों का पता लगाया जा सके।
इस घटना के बाद दिल्ली, मुंबई, हरियाणा और उत्तर प्रदेश में हाई अलर्ट घोषित कर दिया गया है।
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने इस हादसे पर चिंता जताई है और गृहमंत्री अमित शाह से फोन पर बात कर स्थिति की जानकारी ली है। पुलिस और खुफिया एजेंसियां मामले की गहराई से जांच कर रही हैं।
घायलों को नजदीकी अस्पतालों में भर्ती कराया गया है, जिनमें से कुछ की हालत गंभीर बताई जा रही है।
सूत्रों के मुताबिक, प्रारंभिक जांच में विस्फोटक पदार्थ के उपयोग की संभावना जताई जा रही है, हालांकि इसकी आधिकारिक पुष्टि अभी नहीं हुई है।
