दैनिक सांध्य बन्धु गोपालगंज (एजेंसी)। गोपालगंज जिले में मतदान के बाद वोट की पसंद को लेकर लगातार हिंसा की घटनाएं सामने आ रही हैं। बीते 5 दिनों में जिले के बैकुंठपुर विधानसभा क्षेत्र के बुचिया, जलालपुर और बनौरा गांव में तीन अलग-अलग घटनाओं में तीन परिवारों के 10 से अधिक लोग घायल हुए हैं। आरोप है कि RJD समर्थकों ने BJP समर्थक दलित और यादव परिवारों की पिटाई की, जबकि पुलिस का कहना है कि कुछ मामलों में विवाद की असली वजह जमीन का झगड़ा है।
पहली घटना: बुचिया गांव में दलित परिवार पर हमला
6 नवंबर को सिधवलिया थाना क्षेत्र के बुचिया गांव में मनीष राम और उनके परिवार पर हमला हुआ। मनीष का कहना है हम वोट देकर लौट रहे थे। रास्ते में यादव समाज के कुछ लोगों ने पूछा किसे वोट दिया। जब हमने कहा कि ‘कमल छाप’ को, तो उन्होंने गाली-गलौज शुरू कर दी और लाठी-डंडे से हमला कर दिया।
मारपीट में मनीष, बलम राम और छठू राम घायल हुए। आरोपियों में विशाल यादव, अखिलेश यादव और रूपेश यादव के नाम शामिल हैं। पुलिस ने अखिलेश यादव को गिरफ्तार कर लिया है जबकि अन्य की तलाश जारी है।आरोपी पक्ष का कहना है कि दलित परिवार शराब पीकर गिर गया और अब उन्हें फंसा रहा है।
दूसरी घटना: जलालपुर गांव में 6 लोग घायल
9 नवंबर को जलालपुर गांव में भी वोटिंग विवाद को लेकर झगड़ा हुआ। संजय यादव, नारद यादव और रीना देवी समेत छह लोग घायल हुए। पीड़ितों का आरोप है कि RJD समर्थकों ने पूछा यादव होकर BJP को वोट क्यों दिया?इसके बाद उन पर लाठी-डंडे और रॉड से हमला किया गया। हालांकि SP अवधेश दीक्षित ने कहा कि यह घटना पुरानी जमीन विवाद के कारण हुई है, न कि राजनीतिक प्रतिशोध से। पुलिस ने बताया कि इस विवाद से जुड़ा एक पुराना केस (थाना कांड संख्या 16/2019) पहले से दर्ज है।
तीसरी घटना: बनौरा गांव में पिता-पुत्र पर हमला
10 नवंबर को बनौरा गांव में मदन सिंह और उनके बेटे विकास सिंह पर हमला हुआ। विकास सिंह ने बताया स्थानीय विधायक के समर्थक कह रहे थे कि BJP का साथ छोड़ दो। हमने इनकार किया तो लाठी-डंडे से हमला कर दिया। दोनों को सदर अस्पताल में भर्ती कराया गया है।
BJP का आरोप – “RJD समर्थक कर रहे हैं हिंसा”
भाजपा नेताओं ने कहा कि RJD समर्थक हार की बौखलाहट में BJP समर्थकों को निशाना बना रहे हैं। भाजपा जिला उपाध्यक्ष विजय यादव ने कहा पीड़ित परिवारों को पहले भी धमकियां दी गई थीं। अब खुलकर हमला किया जा रहा है।
SP अवधेश दीक्षित ने कहा कई घटनाओं में यह पाया गया कि विवाद व्यक्तिगत या जमीन संबंधी है। इसे राजनीतिक रंग दिया जा रहा है। जांच जारी है, दोषी कोई भी हो, कार्रवाई होगी।
