दैनिक सांध्य बन्धु मोतिहारी (एजेंसी)। बिहार विधानसभा चुनाव के दूसरे चरण से पहले चिरैया विधानसभा क्षेत्र से बीजेपी प्रत्याशी लालबाबू गुप्ता पर आदर्श आचार संहिता उल्लंघन का मामला दर्ज किया गया है। यह कार्रवाई एक वायरल वीडियो के बाद की गई, जिसमें वे एक महिला को पैसे देते हुए नजर आ रहे हैं।
वीडियो में महिला को दिए 100 रुपए
वायरल वीडियो में लालबाबू गुप्ता एक महिला के घर में प्रवेश करते दिखाई दे रहे हैं। महिला उनसे आवास योजना का लाभ दिलाने की बात करती है, जिसके जवाब में प्रत्याशी महिला को 100 रुपए देते हुए दिख रहे हैं। यह वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से फैल गया और राजनीतिक गलियारों में चर्चा का विषय बन गया।
प्रशासन ने तुरंत लिया संज्ञान
वीडियो सामने आने के बाद मोतिहारी एसपी स्वर्ण प्रभात ने मामले की जांच कराई। जांच में आचार संहिता उल्लंघन के प्रमाण मिलने पर एसपी ने पताही थाना को नियमानुसार प्राथमिकी दर्ज करने का आदेश दिया।
पुलिस सूत्रों के अनुसार, लालबाबू गुप्ता पर आचार संहिता उल्लंघन से संबंधित धाराओं में केस दर्ज किया गया है। साथ ही यह भी जांच की जा रही है कि वीडियो कब और किस इलाके में फिल्माया गया था।
विपक्ष ने की सख्त कार्रवाई की मांग
वीडियो वायरल होने के बाद विपक्षी दलों ने चुनाव आयोग से बीजेपी प्रत्याशी पर कड़ी कार्रवाई की मांग की है। वहीं, बीजेपी समर्थकों का कहना है कि वीडियो को राजनीतिक लाभ के लिए तोड़-मरोड़कर पेश किया जा रहा है।
प्रशासन की सख्त निगरानी जारी
जिला प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि निष्पक्ष और पारदर्शी चुनाव सुनिश्चित करने के लिए सख्त निगरानी की जा रही है। पुलिस और प्रशासनिक अधिकारी सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म्स पर लगातार नजर बनाए हुए हैं, ताकि किसी भी लुभावन गतिविधि या आचार संहिता उल्लंघन पर तुरंत कार्रवाई की जा सके।
