दैनिक सांध्य बन्धु नई दिल्ली (एजेंसी)। जम्मू-कश्मीर पुलिस ने एक बड़े आतंकी मॉड्यूल का भंडाफोड़ किया है। इस ऑपरेशन में 3 डॉक्टरों समेत कुल 7 लोगों को गिरफ्तार किया गया है। पुलिस ने अब तक 2900 किलो विस्फोटक सामग्री, AK-47 राइफल, कारतूस और अन्य संदिग्ध सामान बरामद किया है। यह आतंकी मॉड्यूल जैश-ए-मोहम्मद (JeM) और अंसर गजवात-उल-हिंद (AGuH) जैसे प्रतिबंधित संगठनों से जुड़ा हुआ बताया जा रहा है।
फरीदाबाद में डॉक्टर के घर से मिला 360 किलो विस्फोटक
हरियाणा के फरीदाबाद में J&K पुलिस ने छापा मारकर डॉ. मुजम्मिल शकील को गिरफ्तार किया। वह अलफलाह यूनिवर्सिटी में पढ़ाता था और मूल रूप से पुलवामा के कोइल गांव का रहने वाला है।
छापेमारी के दौरान 360 किलो अमोनियम नाइट्रेट, 20 टाइमर, बैटरियां और कई हथियार बरामद किए गए। इनमें एक असॉल्ट राइफल, तीन मैगजीन, 83 कारतूस, एक पिस्टल और आठ राउंड कारतूस शामिल हैं।
लखनऊ की महिला डॉक्टर भी गिरफ्तार
लखनऊ से डॉ. शाहीन शाहिद नाम की एक महिला डॉक्टर को गिरफ्तार किया गया है। वह मुजम्मिल शकील की गर्लफ्रेंड बताई जा रही है। शाहीन की कार से रविवार को कश्मीर में AK-47 राइफल, जिंदा कारतूस और अन्य संदिग्ध सामग्री मिली थी।
सहारनपुर से भी डॉक्टर गिरफ्तार
इससे पहले 7 नवंबर को J&K पुलिस ने सहारनपुर (उत्तर प्रदेश) से डॉ. आदिल अहमद को गिरफ्तार किया था। वह अनंतनाग के सरकारी मेडिकल कॉलेज में प्रैक्टिस करता था और हाल ही में वहां से इस्तीफा देकर सहारनपुर में क्लिनिक चला रहा था।
फरीदाबाद पुलिस कमिश्नर ने दी जानकारी
फरीदाबाद पुलिस कमिश्नर सतेंद्र कुमार गुप्ता ने बताया कि हरियाणा और जम्मू-कश्मीर पुलिस पिछले 15 दिनों से इस जॉइंट ऑपरेशन पर काम कर रही थी। 9 नवंबर को डॉक्टर मुजम्मिल के किराए के कमरे में छापा मारा गया। वहां से विस्फोटक, टाइमर और हथियार बरामद हुए। यह RDX नहीं बल्कि अमोनियम नाइट्रेट प्रतीत होता है। जांच जारी है।
UAPA के तहत मामला दर्ज
गिरफ्तार आरोपियों के खिलाफ UAPA (गैर-कानूनी गतिविधि रोकथाम अधिनियम) और आर्म्स एक्ट 1959 के तहत केस दर्ज किया गया है। पुलिस का कहना है कि आरोपी विदेशी हैंडलर्स के संपर्क में थे और एन्क्रिप्टेड सोशल मीडिया चैनलों के जरिए आतंकी गतिविधियों की साजिश रच रहे थे।
