MP News: कर्ज से परेशान किसान ने खाया जहर, इलाज के दौरान मौत, 2.50 लाख रुपए के कर्ज ने ली जान

दैनिक सांध्य बन्धु इंदौर। इंदौर के चंदन नगर इलाके में कर्ज से परेशान एक 60 वर्षीय बुजुर्ग किसान ने जहर खाकर अपनी जीवनलीला समाप्त कर ली। इलाज के दौरान सोमवार सुबह एमवाय अस्पताल में उनकी मौत हो गई। मृतक का नाम मंशाराम सिलोदरे (60) निवासी राजनगर बताया गया है। पुलिस ने मामले में मर्ग कायम कर जांच शुरू कर दी है।

चार दिन तक थे लापता, लौटकर खाया जहर

मंशाराम के बेटे धर्मेंद्र सिलोदरे ने बताया कि पिता पिछले मंगलवार को घर से निकले थे और चार दिन तक लापता रहे। शुक्रवार रात जब वे लौटे तो उनकी हालत खराब थी। परिजन तुरंत उन्हें एमवाय अस्पताल लेकर पहुंचे, जहां डॉक्टरों ने जांच के दौरान बताया कि उन्होंने जहर खा लिया है।

ढाई लाख रुपए का था कर्ज

परिजनों के मुताबिक, मंशाराम पर करीब 2.50 लाख रुपए का कर्ज था। कर्जदार लगातार फोन पर पैसे लौटाने का दबाव बना रहे थे। कई बार इसी बात को लेकर घर में पत्नी और बेटे से भी कहासुनी हुई थी। तनाव के चलते वे पिछले कुछ दिनों से परेशान चल रहे थे।

मंशाराम सिलाई का काम करते थे और उनका बेटा भी यही काम करता है। परिवार में उनकी पत्नी, बहू और दो पोते हैं।

बुआ से विवाद के बाद महिला ने लगाई फांसी, बचाई गई जान

इधर, इंदौर के छत्रीपुरा इलाके में एक 30 वर्षीय महिला ने पारिवारिक विवाद से परेशान होकर फांसी लगाने की कोशिश की। समय रहते परिवार ने उसे फंदे से उतारकर एमवाय अस्पताल पहुंचाया, जिससे उसकी जान बच गई।

पुलिस के अनुसार, महिला का नाम सोनाली (30) पति गोलू धाकड़ है। उसने दो महीने पहले अपनी मां की बुआ से बच्चों की फीस भरने के लिए 5 हजार रुपए उधार लिए थे। रविवार को बुआ पैसे मांगने घर आईं और विवाद करने लगीं। इससे परेशान होकर सोनाली ने आत्महत्या का प्रयास किया।

वह कुछ समय से अपने पति से अलग रह रही है और वर्तमान में माता-पिता के साथ रहती है। डॉक्टरों के मुताबिक, सोनाली की हालत अब खतरे से बाहर है। पुलिस सोमवार को अस्पताल जाकर उसका बयान दर्ज करेगी।

Post a Comment

Previous Post Next Post