दैनिक सांध्य बन्धु भोपाल। भोपाल के मेन रेलवे स्टेशन इलाके में पात्रा पुल के पास स्थित टिंबर मार्केट में रविवार शाम करीब 7:30 बजे भीषण आग लग गई। आग इतनी तेजी से फैली कि देखते ही देखते 5 से 6 टाल और कई लकड़ी के कारखाने इसकी चपेट में आ गए। फायर ब्रिगेड की 40 से ज्यादा गाड़ियां मौके पर पहुंचीं और करीब तीन घंटे की कड़ी मशक्कत के बाद रात 10:30 बजे आग पर काबू पाया गया।
दमकलकर्मी देर रात तक मौके पर डटे रहे, क्योंकि कुछ स्थानों से धुआं उठता रहा। आग में दो आरा मशीन और चार से पांच फर्नीचर यूनिट पूरी तरह जल गईं। शुरुआती अनुमान के मुताबिक, डेढ़ से दो करोड़ रुपए के नुकसान की आशंका है।
आग वाले क्षेत्र से करीब 100 से 150 मीटर की दूरी पर रेलवे ट्रैक है। आग के दौरान भी वहां से ट्रेनें गुजरती रहीं। रेलवे पीआरओ नवल अग्रवाल ने बताया कि अधिकारी लगातार निगरानी कर रहे थे और रेल यातायात प्रभावित नहीं हुआ।
आग लगने के कारणों का अब तक खुलासा नहीं हुआ है, लेकिन स्थानीय लोगों का कहना है कि यह शॉर्ट सर्किट से लगी हो सकती है। सुरक्षा के मद्देनज़र पात्रा पुल की ओर जाने वाली मुख्य सड़क को भारत टॉकीज और बोगदा पुल के पास से बंद कर दिया गया।
कलेक्टर कौशलेंद्र विक्रम सिंह ने बताया कि नगर निगम और फायर ब्रिगेड की तत्परता से आग पर पूरी तरह नियंत्रण पा लिया गया है। राहत की बात यह रही कि इस हादसे में किसी तरह की जनहानि नहीं हुई। अधिकारी आग के कारणों की जांच कर रहे हैं।
