दैनिक सांध्य बन्धु ग्वालियर। ग्वालियर में कमलाराजा अस्पताल के बाहर रविवार दोपहर एक शर्मनाक घटना सामने आई। अस्पताल परिसर में महिलाओं का टॉयलेट करते समय वीडियो बना रहे एक मनचले युवक को लोगों ने रंगे हाथों पकड़ लिया।
सूत्रों के मुताबिक, यह घटना कंपू थाना क्षेत्र की है। मौके पर मौजूद लोगों ने आरोपी युवक की पिटाई की और बाद में उसे पुलिस के हवाले कर दिया। घटना का वीडियो शाम होते-होते सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो गया।
कंपू थाना पुलिस के अनुसार, युवक अस्पताल परिसर में छिपकर महिलाओं का वीडियो बना रहा था। जैसे ही कुछ लोगों ने उसे संदिग्ध हरकत करते देखा, तुरंत पकड़ लिया और जमकर धुनाई कर दी।
फिलहाल पुलिस ने आरोपी को हिरासत में लेकर पूछताछ शुरू कर दी है। पुलिस यह पता लगाने की कोशिश कर रही है कि आरोपी का नाम क्या है और वह कहां का रहने वाला है।
इस घटना ने अस्पताल की सुरक्षा व्यवस्था पर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं। स्थानीय लोगों का कहना है कि अस्पताल में महिलाओं की सुरक्षा सुनिश्चित करने के लिए सख्त निगरानी और CCTV व्यवस्था जरूरी है।
