दैनिक सांध्य बन्धु पटना (एजेंसी)। बिहार में नई सरकार के गठन को लेकर दिल्ली और पटना, दोनों जगह राजनीतिक हलचल तेज हो गई है। सूत्रों के अनुसार जेडीयू सरकार में बराबरी की भागीदारी और स्पीकर पद को लेकर सतर्क है, जबकि बीजेपी स्पीकर और डिप्टी स्पीकर दोनों पदों पर दावा ठोक रही है। इसी बीच चर्चा है कि बीजेपी विधायक प्रेम कुमार को बिहार विधानसभा का नया स्पीकर बनाया जा सकता है। मंगलवार को वे वर्तमान स्पीकर विजय सिन्हा से मुलाकात कर चुके हैं।
उधर, बिहार में सरकार गठन की रणनीति के लिए दिल्ली में अमित शाह के आवास पर जदयू सांसद संजय झा और ललन सिंह के साथ बीजेपी नेताओं की 2 घंटे लंबी बैठक हुई। इसी क्रम में केंद्रीय गृहमंत्री अमित शाह 19 नवंबर को पटना पहुंचकर मुख्यमंत्री नीतीश कुमार से मुलाकात करेंगे।
20 नवंबर को शपथ समारोह
पटना के गांधी मैदान में 20 नवंबर को नई सरकार का शपथ ग्रहण समारोह होगा। मुख्यमंत्री नीतीश कुमार मंगलवार को खुद कार्यक्रम स्थल पर पहुंचकर तैयारियों का निरीक्षण किया।
डिप्टी CM बदलने का संकेत, मंगल पांडेय रेस में आगे
सूत्रों के अनुसार इस बार भी दो डिप्टी मुख्यमंत्री बनाए जाएंगे। पहला नाम मंगल पांडेय का है, जिन्हें आरएसएस की पसंद बताया जा रहा है। दूसरे डिप्टी CM के तौर पर सम्राट चौधरी फिर से शपथ ले सकते हैं।
भाजपा अपने कोटे में बड़े बदलाव की तैयारी में है और मौजूदा डिप्टी CM विजय सिन्हा को रिप्लेस किए जाने की भी चर्चा है।
जातीय संतुलन पर जोर, श्रेयसी सिंह को मिल सकती है जिम्मेदारी
कैबिनेट में राजपूत समुदाय को साधने के लिए बीजेपी विधायक श्रेयसी सिंह और त्रिविक्रम सिंह को मंत्री बनाए जाने की संभावना है। श्रेयसी सिंह लगातार दूसरी बार विधायक चुनी गई हैं।
सहयोगी दलों में संतोष मांझी (HAM) दोबारा मंत्री बनेंगे। स्नेहलता कुशवाहा (रालोसपा) को पहली बार मंत्रिमंडल में जगह मिल सकती है।
JDU अपने मंत्रियों में बड़ा फेरबदल नहीं करेगी
पिछली सरकार में जदयू के 13 मंत्री थे। सूत्रों के मुताबिक पार्टी 10 पुराने मंत्रियों को ही दोबारा मौका दे सकती है और बड़े बदलाव की संभावना कम है।
बिहार में नई सरकार के गठन को लेकर जारी इस राजनीतिक खींचतान पर सभी की नजरें अब 19 और 20 नवंबर की बैठकों और समारोह पर टिकी हैं।