दुनियाभर में X और ChatGPT चार घंटे रहे डाउन

दैनिक सांध्य बन्धु नई दिल्ली (एजेंसी)। मंगलवार शाम क्लाउडफ्लेयर में आई बड़ी तकनीकी दिक्कत के चलते सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म X, AI चैटबॉट चैटजीपीटी और डिज़ाइन प्लेटफॉर्म कैनवा सहित दुनिया भर की करीब 75 लाख वेबसाइट्स प्रभावित हुईं। भारत सहित कई देशों में उपयोगकर्ता लॉगिन, पोस्ट देखने, पोस्ट करने, साइनअप और प्रीमियम फीचर्स का इस्तेमाल नहीं कर पाए। यह आउटेज शाम लगभग 5 बजे शुरू हुआ और रात 9 बजे तक जारी रहा।

क्लाउडफ्लेयर, जो इंटरनेट ट्रैफिक को सुरक्षित और तेज़ बनाने वाली प्रमुख इंफ्रास्ट्रक्चर कंपनी है, के डाउन होते ही इन सभी सेवाओं ने काम करना बंद कर दिया। यहां तक कि आउटेज रिपोर्ट करने वाली वेबसाइट डाउनडिटेक्टर भी इसकी चपेट में आकर ठप हो गई। X के उपयोगकर्ताओं ने इंटरनल सर्वर एरर का सामना किया, जबकि चैटजीपीटी के 87% यूजर्स को वेबसाइट पर दिक्कतें दर्ज करनी पड़ीं।

कंपनी ने कहा कि उसे समस्या की जानकारी है और वह कारणों की जांच कर रही है। क्लाउडफ्लेयर ने प्रभाव को कम करने के लिए काम जारी रखने का आश्वासन दिया।

इससे पहले भी X में कई बार आउटेज देखे गए हैं, जिनमें अप्रैल 2024 और दिसंबर 2023 प्रमुख हैं। X को अक्टूबर 2022 में एलन मस्क ने 44 बिलियन डॉलर में खरीदा था और खरीद के बाद से प्लेटफॉर्म में लगातार बड़े बदलाव किए हैं।

Post a Comment

Previous Post Next Post