अमेरिका से भारत लाया जा रहा गैंगस्टर अनमोल बिश्नोई: सलमान खान फायरिंग और बाबा सिद्दीकी मर्डर केस की जांच को मिल सकती है नई दिशा

दैनिक सांध्य बन्धु नई दिल्ली (एजेंसी)। गैंगस्टर लॉरेंस बिश्नोई का भाई अनमोल बिश्नोई अमेरिका से भारत लाया जा रहा है। वह बुधवार सुबह करीब 10 बजे दिल्ली एयरपोर्ट पहुंच सकता है। अनमोल कई बड़े मामलों में वांटेड है, जिनमें बाबा सिद्दीकी मर्डर, सलमान खान के घर फायरिंग की साजिश और संगठित अपराध से जुड़े कई केस शामिल हैं।

सूत्रों के मुताबिक, उसे अमेरिका में डिटेन किए जाने के बाद डिपोर्ट किया जा रहा है। भारत पहुंचते ही उसे गिरफ्तार किया जाएगा। जांच एजेंसियां इस डिपोर्टेशन को बड़ी कामयाबी मान रही हैं, क्योंकि अनमोल लंबे समय से फरार था और विदेश से भारत में एक्सटॉर्शन व अन्य आपराधिक गतिविधियों को संचालित कर रहा था।

बाबा सिद्दीकी मर्डर केस में मुख्य आरोपी

अनमोल बिश्नोई पर अक्टूबर 2024 में मुंबई के नेता बाबा सिद्दीकी की हत्या की साजिश में शामिल होने का आरोप है। एजेंसियां उसे भारत लाकर इस मामले में कई अहम जानकारियां जुटाने की तैयारी में हैं।

सलमान खान के घर हुए हमले की साजिश में भी नाम

अनमोल बिश्नोई का नाम 2024 में सलमान खान के बांद्रा स्थित घर पर हुई फायरिंग की साजिश में भी सामने आया था। उसके खिलाफ इस मामले में भी गंभीर आरोप दर्ज हैं। भारत लाए जाने के बाद एजेंसियां इस केस की कड़ियां जोड़ने में जुटेंगी।

सिद्धू मूसेवाला हत्याकांड के बाद हुआ था फरार

2022 में सिद्धू मूसेवाला की हत्या के बाद अनमोल भारत से फरार हो गया था। उसकी लोकेशन बाद में अमेरिका में मिली थी, जहां से वह विदेश बैठकर भारत में गैंग ऑपरेट कर रहा था। कई राज्यों में उसके खिलाफ केस दर्ज हैं।

बाबा सिद्दीकी के बेटे की मांग—अनमोल को मुंबई लाया जाए

बाबा सिद्दीकी के बेटे ज़ीशान सिद्दीकी ने कहा, “हमने पीड़ित परिवार के तौर पर अपील की थी। अब जानकारी मिली कि उसे अमेरिका से बाहर निकाला गया है। सरकार से मेरी गुजारिश है कि कार्रवाई करे और उसे मुंबई लाया जाए। वह समाज के लिए खतरा है।”

जांच एजेंसियां तैयार

कानूनी प्रक्रियाएं पूरी होने के बाद अनमोल बिश्नोई को भारतीय एजेंसियों के हवाले कर दिया जाएगा। संगठित अपराध और अंतरराष्ट्रीय गैंग नेटवर्क के खिलाफ चल रही कार्रवाई में इस कदम को महत्वपूर्ण मोड़ माना जा रहा है। भारत आने के बाद उससे सभी हाई-प्रोफाइल मामलों में गहन पूछताछ की जाएगी।

Post a Comment

Previous Post Next Post