दैनिक सांध्य बन्धु जबलपुर/आलीराजपुर। जनजातीय गौरव दिवस पर शुक्रवार को जबलपुर और आलीराजपुर में विशाल कार्यक्रमों का आयोजन हुआ। जबलपुर में राज्यपाल मंगू भाई पटेल और मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने महिला क्रिकेट विश्व कप विजेता टीम की सदस्य क्रांति गौड़ का सम्मान किया। सीएम ने उन्हें 1 करोड़ रुपए का चेक सौंपा। छतरपुर जिले के घुवारा की रहने वाली क्रांति ने वर्ल्ड कप में 9 विकेट लेकर देश का नाम रोशन किया था।
वर्चुअली जुड़े प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने भी क्रांति गौड़ की उपलब्धि का जिक्र किया और कहा विश्व कप में भारत की महिला टीम में शामिल हमारी जनजातीय समाज की बेटी ने अहम भूमिका निभाई है।
शुरुआत पेड़ों की पूजा से, मंच पर कलाकारों के साथ मंत्री का ढोल–नृत्य
कार्यक्रम की शुरुआत पेड़ों की पूजा और दीप प्रज्ज्वलन से हुई। इस दौरान आदिम जाति कल्याण मंत्री विजय शाह ने कलाकारों के साथ मंच पर ढोल बजाया और नृत्य भी किया।
इसी बीच कार्यक्रम में आए बजरू बैगा की तबीयत बिगड़ गई। एम्बुलेंस समय पर नहीं पहुंची तो पुलिस उन्हें अपनी गाड़ी से अस्पताल लेकर गई।
आलीराजपुर में भी गरजे सीएम: कहा— ‘कांग्रेस की जोरदार झाड़ू लगी, राजकुमार को घर भेजना पड़ेगा’
सुबह आयोजित आलीराजपुर कार्यक्रम में सीएम मोहन यादव का रुख पूरी तरह राजनीतिक रहा। उन्होंने कहा कांग्रेस ने कभी आदिवासी नायकों को सम्मान नहीं दिया। अब जब हम जयंती मना रहे हैं तो इन्हें तकलीफ हो रही है। कल कांग्रेस की जोरदार झाड़ू लगी है, राजकुमार को घर भेजना पड़ेगा। सीएम ने बिरसा मुंडा और योद्धा छीतू सिंह किराड़ की प्रतिमाओं का लोकार्पण भी किया।
पीएम मोदी ने मनावर में एकलव्य आवासीय स्कूल का शिलान्यास किया
धार जिले के मनावर में पीएम मोदी ने जिले के पहले एकलव्य आदर्श आवासीय स्कूल का वर्चुअल शिलान्यास किया। उन्होंने कहा ये स्कूल अब सिर्फ स्कूल नहीं, बल्कि सपनों की प्रयोगशालाएं बन चुके हैं। देश भर में 485 एकलव्य स्कूलों में 1.38 लाख बच्चे पढ़ रहे हैं।
विवादित बयान भी सुर्खियों में रहे
आगर मालवा: कैबिनेट मंत्री इंदर सिंह परमार ने राजा राममोहन राय को “अंग्रेजों का दलाल” बताया।
गुना: भाजपा विधायक पन्नालाल शाक्य बोले— “इस देश में जनजाति नाम की कोई जाति नहीं थी, समाज को बांटने की साजिश की गई।”
जबलपुर में ट्रैफिक और आयोजन व्यवस्था
गैरीसन मैदान में 4 बड़े डोम तैयार किए गए।
लगभग 50 हजार लोग 1350 बसों से लाए गए।
आयोजन स्थल के 1–2 किमी दायरे में 8 पार्किंग बनाई गईं।
जिनमें 3 रिजर्व और 5 मंच के पास बस पार्किंग के लिए रखी गईं।
