भोपाल में मॉडल खुशबू अहिरवार की संदिग्ध मौत: बॉयफ्रेंड कासिम अस्पताल में छोड़कर फरार, मां ने हत्या का आरोप लगाया

दैनिक सांध्य बन्धु भोपाल। भोपाल में 27 वर्षीय मॉडल खुशबू अहिरवार उर्फ खुशी वर्मा की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत ने सनसनी फैला दी है। सोमवार तड़के उसका बॉयफ्रेंड कासिम उसे गंभीर हालत में इंदौर रोड स्थित भैंसाखेड़ी के एक निजी अस्पताल में छोड़कर भाग गया। पूरा घटनाक्रम अस्पताल के CCTV वीडियो में कैद हुआ है।

डॉक्टरों ने युवती को मृत घोषित करते हुए पुलिस को सूचना दी। पुलिस ने मामला दर्ज कर पोस्टमॉर्टम के लिए बॉडी गांधी मेडिकल कॉलेज भेज दी है।

मां का आरोप – बेटी की हत्या कर भागा आरोपी

मृतका की मां लक्ष्मी अहिरवार ने बताया कि खुशबू को निर्मम तरीके से पीट-पीटकर मारा गया। उन्होंने कहा कि “उसके शरीर पर जगह-जगह नीले निशान हैं, चेहरे पर सूजन है और प्राइवेट पार्ट पर चोट के निशान हैं।” मां ने आरोप लगाया कि बेटी की हत्या कासिम ने की है, जो उसे अस्पताल में छोड़कर फरार हो गया।

लिव-इन रिलेशन में थी खुशबू

पुलिस के अनुसार खुशबू और कासिम लिव-इन रिलेशनशिप में रह रहे थे। दोनों उज्जैन से भोपाल लौट रहे थे, तभी रास्ते में खुशबू की तबीयत बिगड़ गई। कासिम उसे हरे रंग के CNG ऑटो में अस्पताल लेकर आया और वहां स्टाफ को खुद को उसका दोस्त बताया। कुछ देर बाद वह अस्पताल से गायब हो गया।

मॉडलिंग में बनाना चाहती थी करियर

खुशबू अहिरवार मूल रूप से विदिशा जिले के मंडीबामोरा की रहने वाली थी। उसने बीए फर्स्ट ईयर के बाद पढ़ाई छोड़ दी थी और तीन साल से भोपाल में रह रही थी। वह कई लोकल ब्रांड्स के लिए मॉडलिंग करती थी और सोशल मीडिया पर ‘डायमंड गर्ल’ नाम से सक्रिय थी, जहां उसके 12 हजार से अधिक फॉलोअर्स थे।

तीन दिन पहले बोली थी – “कासिम अच्छा लड़का है”

खुशबू की मां ने बताया कि तीन दिन पहले कासिम ने कॉल कर कहा था, “मैं मुसलमान हूं, लेकिन आपकी बेटी मेरे साथ है, चिंता मत करें।” खुशबू ने भी फोन पर यही बात दोहराई थी। लेकिन कुछ दिन बाद परिवार को उसकी मौत की खबर मिली।

पुलिस ने मर्ग दर्ज कर जांच शुरू की

हेड कॉन्स्टेबल प्रतीक कुमार ने बताया कि पुलिस ने मर्ग कायम कर जांच शुरू कर दी है। पोस्टमॉर्टम रिपोर्ट आने के बाद मामला हत्या या अप्राकृतिक मृत्यु के रूप में दर्ज किया जाएगा। पुलिस कासिम की तलाश में जुटी है।

मां लक्ष्मी अहिरवार ने कहा – “हमें हमारी बेटी के कातिल को कड़ी सजा चाहिए। उसे अस्पताल में छोड़कर भाग जाना इस बात का सबूत है कि वही गुनहगार है।”

Post a Comment

Previous Post Next Post