ग्वालियर फायरिंग केस: गैंगस्टर अन्नी कमरिया से कराया गया सीन रीक्रिएशन, लंगड़ाते हुए शर्म से झुकाया सिर

दैनिक सांध्य बन्धु ग्वालियर। ग्वालियर में पुलिसकर्मी के बेटे पर हुई ताबड़तोड़ फायरिंग के मामले में सोमवार को पुलिस ने मुख्य आरोपी अन्नी कमरिया और उसके साथी रिंकू कमरिया से घटनास्थल पर सीन रीक्रिएशन कराया। जिस जगह 15 मिनट में 35 राउंड फायर हुए थे, वहीं पुलिस ने अन्नी को पैदल ले जाकर पूरी वारदात दोबारा समझी।

सीन रीक्रिएशन के दौरान अन्नी कमरिया लंगड़ाते और सिर झुकाए नजर आया। हालांकि, उसका साथी रिंकू कमरिया एक वायरल वीडियो में सामान्य चलता हुआ दिखाई दिया, जिससे पुलिस की कहानी पर सवाल खड़े हो गए हैं। पुलिस का दावा था कि रिंकू गिरफ्तारी के समय घायल था, लेकिन वीडियो में वह बिना किसी परेशानी के चलता दिखा।

15 मिनट में 35 गोलियां चलीं

यह घटना ग्वालियर के घासमंडी कोटेश्वर रोड की है। आरोप है कि गैंगस्टर रिंकू कमरिया, अन्नी कमरिया और उनके साथियों ने पुलिसकर्मी के बेटे विजय सिंह गौड़ और उसके दोस्त हाकिम बघेल पर करीब 15 मिनट तक फायरिंग की। बताया गया कि विजय और रिंकू के बीच ₹5 लाख के लेनदेन का विवाद था, जिसके चलते हमला हुआ।

टीआई प्रशांत शर्मा के नेतृत्व में पुलिस टीम ने घटनास्थल पर सीन रीक्रिएशन कराया ताकि हमले के वक्त आरोपियों की लोकेशन और फायरिंग की दिशा स्पष्ट हो सके। अन्नी कमरिया से पूछा गया कि वारदात के समय वह कहां था और किसने कितनी गोलियां चलाईं।

अन्नी कमरिया को दो दिन की पुलिस रिमांड पर भेजा गया है, जबकि रिंकू कमरिया की रिमांड एक दिन के लिए बढ़ाई गई है। पुलिस अब दोनों से पूछताछ कर अन्य फरार साथियों और हथियारों के ठिकाने की जानकारी जुटा रही है।

आठ आरोपी अब भी फरार

फायरिंग केस में कुल 11 लोगों के खिलाफ FIR दर्ज की गई थी। अब तक तीन की गिरफ्तारी हुई है, जबकि आठ आरोपी अब भी फरार हैं। पुलिस ने दतिया बॉर्डर और आसपास के इलाकों में तलाशी अभियान तेज कर दिया है।

Post a Comment

Previous Post Next Post