दैनिक सांध्य बन्धु जबलपुर। जबलपुर में सड़क पर गुंडागर्दी का एक मामला सामने आया है, जहां कार में शराब पी रहे दो युवकों ने मामूली टक्कर के बाद एक बाइक सवार की बेरहमी से पिटाई कर दी। घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल होने के बाद पुलिस ने दोनों आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है।
तीन दिन पुराना है वीडियो, वायरल होने के बाद हरकत में आई पुलिस
यह वीडियो करीब तीन दिन पुराना बताया जा रहा है। इसमें दो युवक एक बाइक सवार को सड़क किनारे बुरी तरह मारते हुए नजर आ रहे हैं, जबकि आसपास खड़े लोग केवल तमाशा देखते रहे और वीडियो बनाते रहे। वीडियो वायरल होने के बाद गढ़ा थाना पुलिस ने त्वरित कार्रवाई की और दोनों आरोपियों की पहचान कर उन्हें गिरफ्तार कर लिया।
टक्कर के बाद भड़क गए थे शराबी युवक
जानकारी के अनुसार, गढ़ा क्षेत्र में कार में बैठे चार युवक शराब पी रहे थे। इस दौरान विजय ढीमर नाम का युवक अपनी बाइक से वहां से गुजर रहा था, तभी उसकी बाइक कार से हल्के से टकरा गई। टक्कर मामूली थी और किसी को चोट भी नहीं आई, लेकिन कार में बैठे दो युवक — संतोष चक्रवर्ती और जीतू चक्रवर्ती — गुस्से में आकर नीचे उतरे और विजय की पिटाई शुरू कर दी।
पीड़ित बोला— ऑटो ने मारी थी कार को टक्कर
पीड़ित विजय ढीमर ने पुलिस को बताया कि वास्तव में कार को टक्कर एक ऑटो चालक ने मारी थी। उसने जब यह बात समझाने की कोशिश की तो दोनों युवक और भड़क गए और उसे पीटने लगे। आसपास मौजूद लोगों ने भी यही बताया कि कार को स्क्रैच ऑटो ने मारा था, फिर भी शराब के नशे में धुत युवक मारपीट करते रहे।
आरोपी गिरफ्तार
गढ़ा थाना प्रभारी ने बताया कि वीडियो के आधार पर संतोष चक्रवर्ती और जीतू चक्रवर्ती को गिरफ्तार कर लिया गया है। घटना गंभीर है और आरोपियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी।
