दैनिक सांध्य बन्धु जबलपुर। थाना गोहलपुर पुलिस ने 3 शातिर वाहन चोरों को गिरफ्तार कर उनके कब्जे से चोरी के 9 दुपहिया वाहन, जिनकी अनुमानित कीमत लगभग 8 लाख रुपये है, जप्त किए हैं।
थाना प्रभारी रितेश पाण्डेय ने बताया कि क्षेत्र भ्रमण के दौरान मुखबिर से सूचना मिली थी कि आनंद नगर कॉलोनी क्षेत्र में तीन युवक एक मोटरसाइकिल पर किसी वारदात को अंजाम देने की नीयत से घूम रहे हैं। सूचना पर तत्काल पुलिस टीम ने दबिश दी, जहां तीन युवक पुलिस को देखकर भागने लगे। घेराबंदी कर तीनों को पकड़ लिया गया।
पूछताछ में आरोपियों ने अपने नाम सम्मान रैकवार (19), राज उर्फ गौरव (24) एवं गुलाम गौस उर्फ सुहैल (19), सभी निवासी थाना हनुमानताल क्षेत्र के बताए। उनके पास जिस मोटरसाइकिल का उपयोग किया जा रहा था, उसके कोई कागजात नहीं मिले। सख्ती से पूछताछ करने पर आरोपियों ने आनंद नगर क्षेत्र से मोटरसाइकिल चोरी करना स्वीकार किया तथा गोहलपुर, आधारताल, विजय नगर एवं माढ़ोताल क्षेत्रों से अन्य 8 दुपहिया वाहन चोरी कर आनंद नगर बस स्टॉप के पास झाड़ियों में छिपाकर रखना बताया।
पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से एक दुपहिया वाहन एवं उनकी निशानदेही पर झाड़ियों में छिपाकर रखे गए 8 अन्य दुपहिया वाहन जप्त किए। जांच में थाना गोहलपुर में अपराध क्रमांक 785/25 धारा 303(2) बीएनएस का अपराध पंजीबद्ध पाया गया। आरोपियों को विधिवत गिरफ्तार कर संबंधित धाराओं के तहत कार्रवाई की गई है।
इस कार्रवाई में थाना प्रभारी रितेश पाण्डेय, उप निरीक्षक किशोर बागड़ी, प्रधान आरक्षक देवेन्द्र बछालिया, जितेन्द्र यादव, जितेन्द्र तिवारी तथा आरक्षक समरेन्द्र, आलोक यादव, गोपाल राय, दिनेश दुबे, लालजी यादव एवं संजय जरौलिया की सराहनीय भूमिका रही।
