Jabalpur News: सूने मकान का ताला तोड़कर चोरी करने वाले 5 नकबजन गिरफ्तार, 400 ग्राम चांदी के जेवर; मूर्तियां और 62 हजार नगद बरामद

दैनिक सांध्य बन्धु जबलपुर। थाना गोराबाजार पुलिस और क्राइम ब्रांच ने संयुक्त कार्रवाई कर अंतर्जिला नकबजन गिरोह के 5 सदस्यों को गिरफ्तार किया है। आरोपियों ने दत्त टाउनशिप स्थित एक सूने मकान का ताला तोड़कर चांदी के जेवर, मूर्तियां और नगदी चोरी की थी। पुलिस ने आरोपियों से कुल 400 ग्राम चांदी के जेवर, मूर्तियां और 62 हजार रुपये नगद तथा घटना में प्रयुक्त 2 रॉड बरामद किए हैं।

ऐसे पकड़े गए आरोपी

पुलिस अधीक्षक सम्पत उपाध्याय के निर्देश पर जिले में चोरी और नकबजनी की घटनाओं पर अंकुश लगाने अभियान चलाया जा रहा है। इसी अभियान के तहत अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक (यातायात) अंजना तिवारी, एएसपी अपराध जितेंद्र सिंह और सीएसपी कैंट उदयभान बागरी के मार्गदर्शन में थाना गोराबाजार और क्राइम ब्रांच की टीम ने कार्रवाई की।

तकनीकी साक्ष्यों के आधार पर आरोपी शिवम सोनी को भोपाल से अभिरक्षा में लिया गया। पूछताछ में उसने अपने साथियों सूरज उर्फ गोलू तिर्की, राहुल अहिरवार, नवीन उईके और श्रीत ठाकुर के साथ मिलकर चोरी करना कबूल किया।

ऐसे की थी वारदात

31 अक्टूबर को प्रोफेसर रत्न कुमार श्रीवास्तव ने चोरी की रिपोर्ट दर्ज कराई थी। उनके भाई हेमंत श्रीवास्तव का घर 27 अक्टूबर से सूना था। 31 अक्टूबर को काम वाली बाई ने घर का ताला टूटा पाया, अंदर सामान अस्त-व्यस्त था और अलमारियों व बक्सों के लाकर टूटे हुए थे।

चोर चांदी के पायल, बिछिया, चूड़ियां, सिक्के, लक्ष्मी-गणेश की चांदी की मूर्तियां और कुल 88 हजार रुपये लेकर फरार हो गए थे।

भोपाल से जबलपुर आए थे सभी आरोपी

पूछताछ में आरोपी शिवम ने बताया कि वे सभी एमपी 04 ZE 3663 कार से भोपाल से जबलपुर आए थे और रैकी के बाद सूने मकान का ताला तोड़ा था।
चोरी के 88 हजार में से 8 हजार रुपये खर्च कर बाकी रुपये आपस में बांट लिए थे।

निशानदेही पर सूरज तिर्की से 1 रॉड व 9,000 रुपये,  नवीन उईके से 1 रॉड व 11,000 रुपये, श्रीत ठाकुर से 16,000 रुपये, राहुल अहिरवार से 10,000 रुपये, शिवम सोनी से 16,000 रुपये और बहन के घर में छिपाए चांदी के जेवर व मूर्तियां (कुल मूल्य 62,000 रुपये, वजन 400 ग्राम) की बरामदगी की गई और सभी आरोपियों को गिरफ्तार कर न्यायिक अभिरक्षा में जेल भेजा गया।

इनकी रही सराहनीय भूमिका

नकबजनी का खुलासा करते हुये चोरी करने वाले नकबजनों को भोपाल से गिरफ्तार कर चुराया हुआ मशरूका चांदी के जेवर मूर्ति एवं नगदी रूपये जप्त करने में गोराबजार थाना प्रभारी संजीव कुमार त्रिपाठी, प्रधान आरक्षक रूस्तम सिंह, राधेलाल एवं क्राईम ब्रांच के सहायक उप निरीक्षक प्रशांत सोलंकी, प्रधान आरक्षक अटल जंघेला, आरक्षक शैलेन्द्र, अजीत की सराहनीय भूमिका रही।

Post a Comment

Previous Post Next Post