दैनिक सांध्य बन्धु (एजेंसी) नांदेड़। महाराष्ट्र के नांदेड़ में प्रेम और बर्बरता की पराकाष्ठा दिखाने वाली एक चौंकाने वाली घटना सामने आई है। इटवारा इलाके में 22 वर्षीय युवक सक्षम ताटे की उसकी प्रेमिका आंचल मामीलवाड़ के ही परिवारवालों ने बेरहमी से हत्या कर दी। हत्या के बाद आंचल अपने प्रेमी के घर गई और उसकी मृत देह के साथ विवाह की सभी रस्में निभाईं।
3 साल का प्रेम संबंध, पर परिवार को नहीं था रिश्ता मंजूर
सक्षम और आंचल पिछले तीन साल से रिश्ते में थे और शादी करना चाहते थे। लेकिन युवक की अलग जाति होने की वजह से आंचल के पिता और भाई इस रिश्ते के खिलाफ थे। वे लगातार आंचल पर सक्षम से संबंध तोड़ने का दबाव बना रहे थे।
कोर्ट मैरिज की भनक लगते ही रची साजिश
जब आंचल और सक्षम ने कोर्ट मैरिज की तैयारी शुरू की, तो यह बात आंचल के पिता गजानन मामीलवाड़ और भाइयों को पता चल गई। आरोप है कि उन्होंने बहाने से सक्षम को मिलने बुलाया, फिर उसे बेरहमी से पीटा और सीने में गोली मार दी। इसके बाद पत्थरों से उसका सिर कुचल दिया गया।
मृत देह से भरी सिंदूर, निभाई शादी की रस्में
पोस्टमॉर्टम के बाद जब सक्षम का शव घर लाया गया, आंचल वहां पहुंची। वह प्रेमी की लाश के पास बैठकर विलाप करती रही और फिर उसी की मृत देह के साथ शादी की रस्में पूरी कीं।
उसने सक्षम के हाथ से अपनी मांग में सिंदूर भरा
शव को हल्दी लगाई
और उसके घर में बहू बनकर रहने की कसम भी खाई
आंचल ने कहा— “मेरे पिता और भाइयों ने हमें अलग करना चाहा। उन्होंने उसे मार दिया, लेकिन वे हार गए। मेरा प्रेमी मरकर भी जीत गया।”
6 आरोपी गिरफ्तार, पिता और भाई शामिल
पुलिस ने इस मामले में 6 लोगों को गिरफ्तार किया है—
गजानन बालाजीराव मामीलवाड़
साहिल मामीलवाड़
हिमेश मामीलवाड़
जयश्री मदनसिंह ठाकुर
सोमेश लाखे
वेदांत कुंदेकर
नांदेड़ के डीएसपी प्रशांत शिंदे ने बताया कि सक्षम की पीट-पीटकर हत्या की गई है और सभी आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया गया है। आगे की जांच जारी है।
प्रेमिका की मांग— पिता और भाइयों को मिले मौत की सजा
आंचल ने कहा कि वह अपने ही पिता और भाइयों को इस बर्बर हत्या के लिए कठोरतम सजा दिलवाना चाहती है।
Tags
national
