दैनिक सांध्य बन्धु मुंबई (एजेंसी)। महाराष्ट्र के उपमुख्यमंत्री अजित पवार ने पिंपरी-चिंचवाड़ नगर निगम चुनाव के लिए अपनी नेशनलिस्ट कांग्रेस पार्टी (NCP) और NCP (शरदचंद्र पवार) गुट के बीच गठबंधन का ऐलान किया है। उन्होंने कहा कि नगर निगम चुनाव में ‘घड़ी’ और ‘तुतारी’ एकसाथ नजर आएंगी और इससे पवार परिवार एक बार फिर एकजुट हो गया है। अजित पवार पिंपरी-चिंचवाड़ में एक चुनावी सभा को संबोधित कर रहे थे।
अजित पवार ने कहा कि उम्मीदवारों की सूची तय करते समय दोनों गुटों ने साथ मिलकर चुनाव लड़ने का फैसला किया है। उन्होंने माना कि इस गठबंधन को लेकर लोगों के मन में सवाल हो सकते हैं, लेकिन महाराष्ट्र के विकास के हित में कई बार ऐसे फैसले लेने पड़ते हैं। उन्होंने यह भी बताया कि सीट बंटवारे को लेकर दोनों पक्षों में चर्चा हो चुकी है और इसकी जानकारी बाद में साझा की जाएगी।
गौरतलब है कि जुलाई 2023 में अजित पवार अपने चाचा शरद पवार से अलग होकर NCP के कई विधायकों के साथ पार्टी से अलग हो गए थे। इसके बाद NCP दो हिस्सों में बंट गई थी। अजित पवार भाजपा और एकनाथ शिंदे के नेतृत्व वाली महाराष्ट्र सरकार में शामिल हुए और उपमुख्यमंत्री बने थे। फरवरी 2024 में चुनाव आयोग ने अजित पवार गुट को आधिकारिक तौर पर ‘NCP’ नाम और ‘घड़ी’ चुनाव चिन्ह दिया, जबकि शरद पवार गुट को ‘नेशनलिस्ट कांग्रेस पार्टी (शरदचंद्र पवार)’ नाम और ‘तुतारी बजाते हुए आदमी’ का चिन्ह मिला।
अजित पवार ने पार्टी कार्यकर्ताओं से अपील की कि वे चुनाव प्रचार में पूरी मेहनत करें और किसी भी तरह के विवादित बयान देने से बचें। उन्होंने कहा कि उनकी पार्टी विकास के लिए काम करती है और उन लोगों को बाहर किया जाएगा, जिन्होंने नगर निगम को कर्ज में डालने की कोशिश की।
पुणे नगर निगम चुनाव में भी दोनों NCP गुट साथ मिलकर चुनाव लड़ेंगे। NCP (शरदचंद्र पवार) के प्रवक्ता अंकुश काकड़े ने गठबंधन की पुष्टि करते हुए कहा कि सीट बंटवारे पर अभी अंतिम फैसला नहीं हुआ है और कांग्रेस व शिवसेना (उद्धव ठाकरे) के साथ बातचीत के बाद चारों दल मिलकर निर्णय लेंगे।
इस बीच, मुंबई भाजपा अध्यक्ष अमित साटम ने बताया कि महायुति गठबंधन में 207 सीटों पर सहमति बन चुकी है। इनमें भाजपा 128 और शिवसेना 79 सीटों पर चुनाव लड़ेगी, जबकि बाकी 20 सीटों पर उम्मीदवारों के आधार पर फैसला किया जाएगा।
महाराष्ट्र राज्य निर्वाचन आयोग ने राज्य की 29 नगर निगमों के चुनाव की घोषणा की है, जिनमें मुंबई, पुणे और पिंपरी-चिंचवाड़ शामिल हैं। यहां 15 जनवरी को मतदान होगा और 16 जनवरी को मतगणना की जाएगी। नामांकन दाखिल करने की आखिरी तारीख 30 दिसंबर तय की गई है।
हाल ही में हुए नगर परिषद और नगर पंचायत चुनावों में सत्तारूढ़ महायुति गठबंधन को बड़ी जीत मिली थी। 288 नगर निकायों के नतीजों में महायुति ने 207 सीटों पर जीत दर्ज की। इनमें भाजपा 117 सीटों के साथ सबसे बड़ी पार्टी बनी, जबकि शिवसेना (शिंदे गुट) को 53 और NCP (अजित पवार) को 37 सीटें मिलीं। विपक्षी महा विकास अघाड़ी गठबंधन 44 सीटों तक सिमट गया, जिसमें कांग्रेस को 28, शरद पवार की NCP को 7 और शिवसेना (UBT) को 9 सीटें हासिल हुईं।
Tags
national
