दैनिक सांध्य बन्धु भोपाल। एक से अधिक विवाह को लेकर चर्चा में आए मध्य प्रदेश के पूर्व मंत्री दीपक जोशी ने शनिवार को फेसबुक पर एक वीडियो जारी कर अपनी सफाई दी है। 1 मिनट 28 सेकंड के इस वीडियो में उन्होंने कहा कि जीवन में यश और अपयश आते-जाते रहते हैं, लेकिन वे दावे के साथ कह सकते हैं कि उन्होंने बेईमानी, छल या कपट नहीं किया।
दीपक जोशी ने कहा, “मैंने गलतियां जरूर की होंगी, लेकिन किसी के साथ धोखा नहीं किया। जिन महिलाओं ने अपने सामान्य जीवन को सार्वजनिक किया है, उसे और अधिक सार्वजनिक नहीं करना चाहता।”
पिता की विरासत का दिया हवाला
पूर्व मंत्री ने अपने पिता स्वर्गीय कैलाश जोशी का उल्लेख करते हुए कहा कि उन्हें राजनीति का संत कहा जाता था। उसी विरासत के आधार पर वे यह कह सकते हैं कि न तो वे रास्ता भटके हैं और न ही उन्होंने अपनी मंजिल खोई है।
जोशी ने यह भी कहा कि वे पिता के पदचिह्नों पर चलते हुए शुचिता और मूल्यों की राजनीति के लिए संघर्ष करते रहेंगे।
तीन महिलाओं ने शादी का किया दावा
गौरतलब है कि कांग्रेस की पूर्व प्रदेश सचिव पल्लवी राज सक्सेना समेत तीन महिलाओं ने दीपक जोशी के साथ विवाह का दावा किया है।
यह मामला 4 दिसंबर 2025 को तब सार्वजनिक हुआ, जब पल्लवी राज ने अपने सोशल मीडिया अकाउंट पर कुछ तस्वीरें साझा कीं, जिनमें दीपक जोशी उनकी मांग में सिंदूर भरते नजर आ रहे हैं।
विवाद यहीं नहीं थमा
पल्लवी राज के सामने आने के बाद यह मामला और गहराता चला गया। इसके बाद नम्रता जोशी और शिखा जोशी ने भी खुद को दीपक जोशी की पत्नी बताते हुए दावे किए। तीन-तीन महिलाओं के दावों ने इस निजी विवाद को राजनीतिक और सामाजिक चर्चा का बड़ा मुद्दा बना दिया है।
राजनीति से ज्यादा निजी जीवन चर्चा में
एक समय शिवराज सरकार में मंत्री रह चुके दीपक जोशी इन दिनों अपने राजनीतिक कार्यों से ज्यादा निजी जीवन को लेकर सुर्खियों में हैं। सोशल मीडिया से लेकर राजनीतिक गलियारों तक यह मामला चर्चा का विषय बना हुआ है, जबकि उनके ताजा वीडियो बयान के बाद विवाद ने एक नया मोड़ ले लिया है।
Tags
madhya pradesh
