Jabalpur News: एमपी के सबसे लंबे फ्लाईओवर पर जन्मदिन का जश्न, युवतियों ने किया डांस

दैनिक सांध्य बन्धु जबलपुर। मध्य प्रदेश के सबसे लंबे फ्लाईओवर पर रील और जश्न मनाने का चलन थमने का नाम नहीं ले रहा है। ताजा मामला सामने आया है, जहां एक युवती अपने दोस्तों के साथ फ्लाईओवर के बीचों-बीच जन्मदिन मनाती नजर आई। इस दौरान केक काटा गया और जमकर डांस व आतिशबाजी की गई।

वायरल वीडियो में ये दिखा

सोशल मीडिया पर वायरल वीडियो में युवती और उसके साथी फ्लाईओवर पर खड़े होकर केक काटते और डांस करते दिखाई दे रहे हैं। नियमों को ताक पर रखकर किए गए इस जश्न से सड़क सुरक्षा पर सवाल खड़े हो गए हैं।

हादसे का खतरा, नियमों की अनदेखी

फ्लाईओवर पर रुककर इस तरह की गतिविधियां करना न सिर्फ कानूनन अपराध है, बल्कि इससे किसी भी वक्त बड़ा हादसा हो सकता है। पुलिस पहले ही यहां वीडियो और रील बनाने पर प्रतिबंध लगा चुकी है, इसके बावजूद ऐसी घटनाएं सामने आ रही हैं।

पुलिस ने लिया स्वत: संज्ञान


बताया जा रहा है कि यह वीडियो दो दिन पुराना है। वायरल होने के बाद मंगलवार को पुलिस ने स्वत: संज्ञान लेते हुए जांच शुरू कर दी है। अधिकारियों का कहना है कि वीडियो की पुष्टि के बाद संबंधित युवती और साथियों पर नियमों के तहत कार्रवाई की जाएगी।

पहले भी सामने आ चुके हैं ऐसे मामले

चलती कार की छत पर बैठे युवक

इससे पहले फ्लाईओवर पर एक वीडियो सामने आया था, जिसमें युवक चलती कार की छत पर बैठे और कुछ गाड़ी के गेट से लटकते नजर आए। पुलिस ने वाहन मालिक पर 3 हजार रुपए का चालान कर नोटिस भेजा था।

किन्नर माही ने किया था डांस


फ्लाईओवर पर डांस करते माही शुक्ला का वीडियो भी वायरल हुआ था। पुलिस ने उसे समझाइश दी और भविष्य में ऐसा न करने की हिदायत दी थी।

‘पीके’ बनकर रील बनाने वाला युवक

अभिनेता आमिर खान की फिल्म ‘पीके’ के किरदार की नकल करते हुए एक युवक ने फ्लाईओवर पर वीडियो बनाया था। वीडियो वायरल होने के बाद पुलिस ने उसे तलाशना शुरू किया और ब्रिज पर 24 घंटे निगरानी बढ़ा दी गई थी।

प्रशासन की अपील

पुलिस और प्रशासन ने लोगों से अपील की है कि फ्लाईओवर को रील और जश्न का अड्डा न बनाएं। यह यातायात के लिए बना है, मनोरंजन के लिए नहीं। नियमों का पालन करें, ताकि कोई अनहोनी न हो।

Post a Comment

Previous Post Next Post