Jabalpur News: सरकारी जमीन के विवाद में दो पक्ष भिड़े, जमकर चले लाठी-डंडे; महिलाओं सहित 7 घायल

दैनिक सांध्य बन्धु जबलपुर। जिले के बम्बाबरी गांव में सरकारी रास्ते को लेकर पुराना विवाद सोमवार देर रात हिंसक झड़प में बदल गया। दो पक्षों के बीच जमकर लाठी-डंडे और रॉड चले, जिसमें महिलाओं सहित कुल 7 लोग घायल हो गए। घायलों को इलाज के लिए मेडिकल कॉलेज अस्पताल में भर्ती कराया गया है, जिनमें से तीन की हालत गंभीर बताई जा रही है।

चार साल पुराना विवाद बना वजह

जानकारी के अनुसार, गांव में कोमल सिंह लोधी और लक्ष्मण सिंह लोधी के खेत आमने-सामने स्थित हैं। दोनों पक्ष एक ही सरकारी रास्ते का उपयोग करते हैं। पिछले चार सालों से इस जमीन को लेकर विवाद चला आ रहा था। कुछ दिन पहले दोनों पक्ष सरकारी जमीन पर कब्जा करने की तैयारी में जुट गए थे, जिस पर गांव के बुजुर्गों ने समझाइश भी दी थी।

रात में हुआ आमना-सामना

सोमवार रात जैसे ही कोमल सिंह को जानकारी मिली कि लक्ष्मण सिंह और उसके परिजन जमीन पर कब्जा कर रहे हैं, वह अपने परिवार के साथ मौके पर पहुंच गया। पहले कहासुनी हुई और फिर देखते ही देखते दोनों पक्षों में मारपीट शुरू हो गई। कुछ ही देर में लाठी-डंडे और रॉड चलने लगे, जिससे कई लोग घायल हो गए।

घायलों में महिलाएं और बच्चा भी शामिल

इस घटना में एक पक्ष से प्रेमवती बाई पटेल (34), गोविंद पटेल (38), कोमल पटेल (66), सियाबाई पटेल (60) और टेकसिंह पटेल (36) घायल हुए हैं। वहीं दूसरे पक्ष से लक्ष्मण सिंह पटेल (55) और उनकी पत्नी जानकी बाई (45) को चोटें आई हैं। घायलों में तीन महिलाएं, तीन पुरुष और एक बच्चा शामिल है।

गांव में पुलिस बल तैनात

सूचना मिलते ही चरगवां थाना पुलिस मौके पर पहुंची और स्थिति को नियंत्रित किया। पुलिस ने दोनों पक्षों की शिकायत पर काउंटर एफआईआर दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। फिलहाल गांव में अतिरिक्त पुलिस बल तैनात किया गया है ताकि किसी भी तरह की दोबारा झड़प न हो। पुलिस का कहना है कि मामले की जांच के बाद दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी। 

Post a Comment

Previous Post Next Post