दैनिक सांध्य बन्धु जबलपुर। जबलपुर जीआरपी ने ईमानदारी और तत्परता का परिचय देते हुए एक महिला यात्री का लाखों रुपए के जेवर और नकदी से भरा पर्स सुरक्षित बरामद कर उन्हें वापस सौंप दिया। यह घटना सोमवार-मंगलवार की दरमियानी रात ट्रेन क्रमांक 11046 दीक्षा भूमि एक्सप्रेस में हुई, जब एक महिला यात्री का पर्स कोच में छूट गया था।
जीआरपी थाना प्रभारी संजीवनी राजपूत ने बताया कि उन्हें कोच बी-5 की बर्थ नंबर 2 और 8 पर यात्रा कर रहीं संगीता वर्मा का पर्स छूटने की सूचना मिली थी। संगीता वर्मा धनबाद, झारखंड की निवासी हैं। पर्स में सोने-चांदी के आभूषण और नकदी रखी हुई थी।
सूचना मिलते ही थाना प्रभारी के निर्देश पर एएसआई गोपाल सिंह राजपूत, प्रधान आरक्षक धीरेंद्र, आरक्षक गोपाल, नवीन शुक्ला और रविकांत की टीम तत्काल रवाना की गई। पुलिस टीम ने संबंधित कोच में सघन तलाशी अभियान चलाया और पर्स को सुरक्षित बरामद कर जीआरपी थाने लाया गया।
जांच के दौरान पर्स के भीतर लगभग 7 से 8 लाख रुपए कीमत के सोने-चांदी के आभूषण और नकदी पाई गई। महिला यात्री के थाने पहुंचने पर आवश्यक पुष्टि के बाद पर्स उन्हें सुपुर्द कर दिया गया।
पर्स वापस मिलने पर महिला यात्री ने जबलपुर जीआरपी की ईमानदारी और त्वरित कार्रवाई की सराहना की और पुलिस टीम का आभार व्यक्त किया। थाना प्रभारी संजीवनी राजपूत ने कहा कि यात्रियों की सुरक्षा और उनके सामान की हिफाजत पुलिस की प्राथमिक जिम्मेदारी है।
Tags
jabalpur
