Jabalpur News: जबलपुर के 4 परिवार दुबई में फंसे, युद्ध तनाव के कारण रद्द हुई उड़ानें, वीडियो जारी कर लगाई मदद की गुहार

दैनिक सांध्य बन्धु जबलपुर। ईरान-इजराइल के बीच बढ़ते तनाव के चलते अंतरराष्ट्रीय उड़ानों पर असर पड़ा है। इसी वजह से जबलपुर के चार व्यापारी अपने परिवारों सहित दुबई में फंसे हुए हैं। सभी लोग घूमने के लिए गए थे, लेकिन अब अनिश्चित हालात के कारण भारत लौट नहीं पा रहे हैं।

21 फरवरी को गए थे, 28 को लौटना था

जानकारी के मुताबिक शहर के व्यापारी शैलेश जैन, प्रशांत विश्वकर्मा, संजय सिंघई और प्रवीण जैन 21 फरवरी को परिवार के साथ दुबई रवाना हुए थे। उनकी वापसी 28 फरवरी को तय थी। इसी दौरान ईरान और इजराइल के बीच तनाव बढ़ने से कई अंतरराष्ट्रीय उड़ानें रद्द कर दी गईं, जबकि कुछ को अनिश्चितकाल के लिए टाल दिया गया।

वीडियो जारी कर कहा – फिलहाल सुरक्षित हैं

दुबई में फंसे व्यापारियों ने मंगलवार को दो वीडियो जारी कर अपनी स्थिति बताई। उन्होंने कहा कि जिस इलाके में वे ठहरे हैं, वहां अभी हालात सामान्य और सुरक्षित हैं। लेकिन एयरपोर्ट संचालन और उड़ानों के दोबारा शुरू होने को लेकर कोई स्पष्ट जानकारी नहीं मिल पा रही, जिससे चिंता बढ़ती जा रही है।

होटल किराया तीन गुना तक बढ़ा

व्यापारियों ने बताया कि तनावपूर्ण हालात का फायदा उठाकर कई होटलों ने किराया तीन गुना तक बढ़ा दिया है। लंबे समय तक रुकने की मजबूरी से आर्थिक बोझ बढ़ रहा है। बच्चों और बुजुर्गों के साथ होने के कारण मानसिक तनाव भी लगातार बढ़ रहा है।

सरकार से सुरक्षित वापसी की गुहार


फंसे हुए व्यापारियों ने केंद्र सरकार से सुरक्षित घर वापसी के लिए मदद की अपील की है। उन्होंने उम्मीद जताई है कि विशेष व्यवस्था कर जल्द उन्हें स्वदेश लाया जाएगा।

इंदौर के पूर्व विधायक समेत कई यात्री लौटे

यूएई में फंसे इंदौर के पूर्व विधायक संजय शुक्ला समेत कई यात्री अब भारत लौट रहे हैं। लौटने वालों में पूर्व विधायक विशाल पटेल, प्रवीण कक्कड़, उद्योगपति मनीष शाहरा, मनीष अग्रवाल, पिंटू छाबड़ा, गोलू पाटनी, उत्पल गोयल और आदित्य शर्मा शामिल हैं।

लगातार रद्द हो रही थीं फ्लाइट्स

युद्ध जैसे हालात के कारण यूएई में कई उड़ानें रद्द की गई थीं। एयर इंडिया एक्सप्रेस की शारजाह–इंदौर फ्लाइट IX-256 को 28 फरवरी से लगातार रद्द किया जा रहा था। 3 मार्च को भी यह उड़ान संचालित नहीं हो सकी।

Post a Comment

Previous Post Next Post