दैनिक सांध्य बन्धु जबलपुर। शहपुरा–भिटौनी नेशनल हाईवे-45 पर सोमवार को उस समय अफरा-तफरी मच गई, जब आरटीओ चेकिंग के दौरान एक तेज रफ्तार ट्राले ने सड़क किनारे खड़े दो ट्रकों को जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर इतनी भीषण थी कि ट्राला अनियंत्रित होकर सड़क से उतरते हुए खेत में जा घुसा। हादसे के बाद मौके पर मौजूद ग्रामीणों में भारी आक्रोश देखने को मिला और उन्होंने आरटीओ कर्मी को घेरकर पीट दिया।
सुरई गांव के पास हुआ हादसा
यह घटना शहपुरा थाना क्षेत्र के सुरई गांव के पास की बताई जा रही है। जानकारी के अनुसार, सड़क किनारे दो ट्रक आरटीओ चेकिंग के चलते खड़े थे। इसी दौरान नेशनल हाईवे की ओर से आ रहा एक ट्राला अनियंत्रित हो गया और उसने पहले खड़े ट्रकों को टक्कर मारी, फिर खेत में जा घुसा।
टायर फटने से बिगड़ा संतुलन
घायल ट्राला चालक सोनू चौधरी, पिता अजित सिंह, निवासी मथुरा ने बताया कि वह सूरत से प्रयागराज सोलर पैनल लेकर ट्रक क्रमांक UP 81 DT 4397 से जा रहा था। प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक, आरटीओ कर्मी ने हाईवे की ओर से आ रहे ट्रक क्रमांक HR 63 E 0628 को रोकने का इशारा किया। तेज रफ्तार के कारण चालक ने अचानक ब्रेक लगाए, जिससे ट्राले का टायर फट गया और संतुलन बिगड़ते ही हादसा हो गया।
चालक घायल, अस्पताल में भर्ती
हादसे में ट्राले का चालक गंभीर रूप से घायल हो गया। मौके पर मौजूद लोगों की मदद से उसे तत्काल शहपुरा अस्पताल पहुंचाया गया, जहां उसका इलाज जारी है। गनीमत रही कि इस दुर्घटना में कोई अन्य जनहानि नहीं हुई, लेकिन वाहनों को भारी नुकसान हुआ है।
ग्रामीणों का फूटा गुस्सा
हादसे के बाद घटनास्थल पर बड़ी संख्या में ग्रामीण जमा हो गए। ग्रामीणों ने आरटीओ कर्मी पर आरोप लगाते हुए कहा कि पिछले दो वर्षों से अवैध रूप से चेकिंग के नाम पर ट्रक चालकों को रोका जा रहा है और उनसे 1000 रुपये तक की अवैध वसूली की जाती है। ग्रामीणों का कहना था कि इसी अव्यवस्थित और दबाव वाली चेकिंग के कारण यह हादसा हुआ।
आरटीओ कर्मी की पिटाई, पुलिस पहुंची मौके पर
आक्रोशित ग्रामीणों ने आरटीओ कर्मी को घेरकर उसकी पिटाई कर दी। सूचना मिलते ही शहपुरा पुलिस मौके पर पहुंची और स्थिति को नियंत्रित किया। पुलिस ने आरटीओ कर्मी को ग्रामीणों से बचाकर सुरक्षित निकाला और पूरे मामले की जांच शुरू कर दी है।
जांच के आदेश, कई सवाल खड़े
इस घटना ने आरटीओ चेकिंग की प्रक्रिया और पारदर्शिता पर सवाल खड़े कर दिए हैं। पुलिस का कहना है कि हादसे के कारणों, आरटीओ चेकिंग की वैधता और ग्रामीणों द्वारा लगाए गए अवैध वसूली के आरोपों की गंभीरता से जांच की जाएगी।
