MP News: मंत्री विजय शाह के खिलाफ महिला कांग्रेस का प्रदर्शन, बंगला घेराव से पहले पुलिस ने रोका

दैनिक सांध्य बन्धु भोपाल। रतलाम में जनजातीय कार्य मंत्री डॉ. विजय शाह द्वारा लाड़ली बहना योजना की लाभार्थी महिलाओं को लेकर दिए गए बयान के विरोध में मध्य प्रदेश महिला कांग्रेस ने शुक्रवार को भोपाल में जोरदार प्रदर्शन किया। महिला कांग्रेस की प्रदेश अध्यक्ष रीना बौरासी के नेतृत्व में कार्यकर्ता प्रदेश कांग्रेस कार्यालय से मंत्री विजय शाह के बंगले का घेराव करने निकली थीं, लेकिन पुलिस ने रेडक्रॉस चौराहे पर बैरिकेडिंग कर उन्हें रोक लिया। इस दौरान महिला कार्यकर्ताओं और पुलिस के बीच धक्का-मुक्की भी हुई।

प्रदर्शन के दौरान पुलिस ने महिला कांग्रेस की कई कार्यकर्ताओं को रेडक्रॉस हॉस्पिटल के सामने से गिरफ्तार कर पुलिस वैन में बैठाया। हालांकि कुछ देर बाद पुलिस वैन से ही सभी को वापस प्रदेश कांग्रेस कार्यालय छोड़ दिया गया। इस कार्रवाई को लेकर महिला कांग्रेस ने कड़ा विरोध जताया।

प्रदेश अध्यक्ष रीना बौरासी ने कहा कि मंत्री विजय शाह लगातार महिलाओं के लिए अपमानजनक शब्दों का प्रयोग कर रहे हैं। पिछले पांच दिनों से महिला कांग्रेस प्रदेशभर में उनके पुतले जला रही है, लेकिन अब तक उनके खिलाफ कोई कार्रवाई नहीं हुई है। उन्होंने आरोप लगाया कि कार्रवाई न होने से मंत्री के हौसले बढ़ते जा रहे हैं। रीना बौरासी ने कहा कि विजय शाह पहले भी देश की बेटियों का अपमान कर चुके हैं, लेकिन तब भी उन्हें संरक्षण मिला।

रीना बौरासी ने वर्ष 2013 का जिक्र करते हुए कहा कि जब तत्कालीन मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान की पत्नी को लेकर आपत्तिजनक टिप्पणी की गई थी, तब विजय शाह को मंत्रिपद से हटाया गया था। उन्होंने मुख्यमंत्री मोहन यादव से सवाल किया कि क्या सम्मान सिर्फ भाजपा नेताओं की पत्नियों का है, जबकि देश की बेटियों और लाड़ली बहनों के सम्मान की कोई कीमत नहीं है। उन्होंने चेतावनी दी कि यदि मंत्री से इस्तीफा नहीं लिया गया या सार्वजनिक रूप से माफी नहीं मंगवाई गई, तो महिला कांग्रेस का आंदोलन और तेज किया जाएगा।

रेडक्रॉस चौराहे पर हुई धक्का-मुक्की में भोपाल की महिला कांग्रेस पदाधिकारी रूपाली शर्मा की चप्पलें और चूड़ियां टूट गईं। इसके बाद भी वे नंगे पैर ही पूरे प्रदर्शन में शामिल रहीं। रूपाली शर्मा ने आरोप लगाया कि विजय शाह लगातार महिलाओं का अपमान कर रहे हैं। उन्होंने कहा कि लाड़ली बहना योजना कोई घूस नहीं बल्कि महिलाओं का अधिकार है। मुख्यमंत्री के कार्यक्रम में शामिल न होने पर लाभ रोकने की बात महिलाओं को डराने और दबाव बनाने की कोशिश है।

उल्लेखनीय है कि कैबिनेट मंत्री डॉ. विजय शाह ने 14 दिसंबर 2025 को रतलाम जिले में जिला विकास सलाहकार समिति की बैठक के दौरान यह बयान दिया था। उन्होंने कहा था कि सरकार लाड़ली बहना योजना के तहत महिलाओं को बड़ी राशि दे रही है, इसलिए उन्हें मुख्यमंत्री के सम्मान कार्यक्रम में उपस्थित होना चाहिए। कार्यक्रम में शामिल न होने वाली महिलाओं के दस्तावेजों की जांच को पेंडिंग रखने और कार्यक्रम में आने पर सहायता राशि में 250 रुपए बढ़ाने पर विचार करने की बात भी उन्होंने कही थी।

Post a Comment

Previous Post Next Post