MP News: धार के होटल में थाना प्रभारी का शव मिला, खून की उल्टियों की आशंका; उर्स ड्यूटी पर आए थे अधिकारी

दैनिक सांध्य बन्धु (एजेंसी) धार। शहर के मोहन टॉकीज क्षेत्र स्थित एक होटल में शुक्रवार को एक थाना प्रभारी का शव मिलने से हड़कंप मच गया। मृतक अधिकारी उर्स ड्यूटी के सिलसिले में खरगोन से धार आए हुए थे। सूचना मिलते ही कोतवाली थाना पुलिस मौके पर पहुंची और पूरे इलाके को घेराबंदी कर सुरक्षित कर लिया गया।

मृतक की पहचान खरगोन जिले के थाना प्रभारी करण सिंह रावत के रूप में हुई है। वे पूर्व में बरूड़ थाना प्रभारी रह चुके थे और वर्तमान में लाइन अटैच थे। जानकारी के अनुसार वे 13 दिसंबर से उर्स आयोजन के दौरान धार में ड्यूटी पर तैनात थे और मोहन टॉकीज इलाके के एक होटल में ठहरे हुए थे।

प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि थाना प्रभारी करण सिंह रावत लंबे समय से लीवर से संबंधित बीमारी से पीड़ित थे। होटल के कमरे में खून फैला होने के चलते आशंका जताई जा रही है कि उन्हें खून की उल्टियां हुई हों। हालांकि मौत के वास्तविक कारणों की पुष्टि पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही हो सकेगी।

घटना की सूचना मिलने पर कोतवाली थाना पुलिस के साथ पुलिस अधीक्षक मयंक अवस्थी भी मौके पर पहुंचे और पूरे घटनाक्रम की जानकारी ली। मामले की गंभीरता को देखते हुए एफएसएल टीम को भी बुलाया गया, लेकिन टीम के उपलब्ध नहीं होने के कारण मौके पर जांच नहीं हो सकी। इसके बाद शव को पोस्टमार्टम के लिए धार जिला अस्पताल भेज दिया गया।

कोतवाली थाना प्रभारी दीपक सिंह चौहान ने बताया कि मामले में मर्ग कायम कर लिया गया है। जिस कमरे में शव मिला है, उसे सील कर दिया गया है और किसी को भी प्रवेश की अनुमति नहीं दी जा रही है। पुलिस सभी पहलुओं को ध्यान में रखते हुए जांच कर रही है। एफएसएल रिपोर्ट और पोस्टमार्टम के बाद ही मौत के कारणों पर स्थिति स्पष्ट होगी।

Post a Comment

Previous Post Next Post