दैनिक सांध्य बन्धु जबलपुर। थाना अधारताल पुलिस ने सूने मकान का ताला तोड़कर चोरी करने वाले दो शातिर नकबजनों को गिरफ्तार कर उनके कब्जे से सोने-चांदी के जेवरात सहित करीब 2 लाख 20 हजार रुपए का मशरूका बरामद किया है।
पुलिस के अनुसार 23 नवंबर 2025 को झंडा चौक जयप्रकाश नगर निवासी 60 वर्षीय सुधीर कुमार सेन ने रिपोर्ट दर्ज कराई थी। उन्होंने बताया कि उनके बड़े भाई सतीश कुमार सेन परिवार सहित नागपुर गए हुए थे। इसी दौरान 22-23 नवंबर की दरम्यानी रात अज्ञात चोरों ने सिद्धीविनायक कॉलोनी महाराजपुर स्थित उनके घर का ताला तोड़कर चोरी कर ली। पड़ोसी की सूचना पर घर पहुंचने पर ताला टूटा मिला और अलमारियों का सामान बिखरा हुआ था।
विवेचना के दौरान पुलिस को मुखबिर से सूचना मिली कि अधारताल सब्जी मार्केट कंचनपुर में दो युवक संदिग्ध हालत में घूम रहे हैं। सूचना पर पुलिस टीम ने दबिश देकर दोनों युवकों को घेराबंदी कर पकड़ा। पूछताछ में उन्होंने अपने नाम अभिषेक चक्रवर्ती पिता गोपाल चक्रवर्ती उम्र 19 वर्ष निवासी दुर्गा चौक बाबाटोला थाना हनुमानताल और प्रिंस उर्फ आशिक चौधरी पिता संतोष चौधरी उम्र 18 वर्ष निवासी विलियम के घर के पास थाना हनुमानताल बताए। सख्ती से पूछताछ करने पर दोनों ने सिद्धीविनायक कॉलोनी महाराजपुर में रैकी कर सूने मकान का ताला तोड़कर चोरी करना स्वीकार किया।
आरोपियों की निशानदेही पर अभिषेक चक्रवर्ती के घर से 2 ग्राम सोने का लॉकेट, 4 गुरिया, चांदी की करधन और 21 चांदी के सिक्के बरामद किए गए, वहीं प्रिंस उर्फ आशिक चौधरी के घर से चांदी की 2 जोड़ी पायल और 2 चूड़ियां जब्त की गईं। दोनों आरोपियों को विधिवत गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश किया जा रहा है।
पुलिस रिकॉर्ड के अनुसार आरोपी अभिषेक चक्रवर्ती के खिलाफ चोरी, नकबजनी, मारपीट और हत्या के प्रयास सहित आधा दर्जन से अधिक अपराध पूर्व से दर्ज हैं, जबकि आरोपी प्रिंस उर्फ आशिक चौधरी के खिलाफ नकबजनी के दो मामले पंजीबद्ध हैं।
इस कार्रवाई में थाना प्रभारी अधारताल प्रवीण कुमार कुमरे के नेतृत्व में उप निरीक्षक रामकिशोर राजभर, प्रधान आरक्षक सुग्रीव तिवारी, महेंद्र बिष्ट, प्रेमलाल विश्वकर्मा, आरक्षक अंकुर, रामभरोस तथा महिला आरक्षक निकिता तिवारी, ममता परस्ते और प्रीति ठाकुर की सराहनीय भूमिका रही।
Tags
jabalpur
