नितिन नबीन बन सकते हैं भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष: 18 से 20 जनवरी के बीच चुनाव, 20 को औपचारिक ऐलान संभव

दैनिक सांध्य बन्धु (एजेंसी) नई दिल्ली। भाजपा के कार्यकारी राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नबीन को पार्टी का अगला राष्ट्रीय अध्यक्ष बनाए जाने की प्रबल संभावना है। सूत्रों से प्राप्त जानकारी के अनुसार राष्ट्रीय अध्यक्ष पद के लिए चुनाव की प्रक्रिया 18 से 20 जनवरी के बीच पूरी हो सकती है और 20 जनवरी को उनके नाम की औपचारिक घोषणा की जा सकती है। नितिन नबीन यदि इस पद पर पहुंचते हैं तो वे भाजपा के अब तक के सबसे युवा राष्ट्रीय अध्यक्ष होंगे।

नितिन नबीन ने 15 दिसंबर को दिल्ली स्थित भाजपा मुख्यालय में कार्यकारी राष्ट्रीय अध्यक्ष का पदभार संभाला था। इस दौरान केंद्रीय गृहमंत्री अमित शाह और निवर्तमान राष्ट्रीय अध्यक्ष जेपी नड्डा ने उनका स्वागत किया था। पार्टी सूत्रों के अनुसार उनका कार्यकाल जनवरी 2029 तक रहेगा, हालांकि 2029 में प्रस्तावित लोकसभा चुनाव को देखते हुए इसमें विस्तार भी संभव है।

भाजपा संगठनात्मक चुनाव की प्रक्रिया देश के 37 में से 29 राज्यों में पूरी हो चुकी है। इन राज्यों के भाजपा प्रदेश अध्यक्ष नितिन नबीन के समर्थन में नामांकन पत्रों का एक सेट दाखिल करेंगे, जबकि भाजपा की राष्ट्रीय परिषद के सदस्य अलग से समर्थन में नामांकन प्रस्तुत करेंगे। सूत्रों का दावा है कि इन नामांकन पत्रों पर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और केंद्रीय गृहमंत्री अमित शाह के हस्ताक्षर भी होंगे।

पार्टी के भीतर यह भी माना जा रहा है कि नितिन नबीन ही एकमात्र उम्मीदवार के रूप में नामांकन दाखिल करेंगे। ऐसी स्थिति में भाजपा के मुख्य चुनाव अधिकारी के. लक्ष्मण नामांकन जांच के बाद उनके राष्ट्रीय अध्यक्ष चुने जाने की औपचारिक घोषणा कर सकते हैं। इस अवसर पर भाजपा शासित सभी राज्यों के मुख्यमंत्रियों और प्रदेश अध्यक्षों को दिल्ली में मौजूद रहने के निर्देश दिए गए हैं।

गौरतलब है कि 45 वर्षीय नितिन नबीन बिहार सरकार में मंत्री हैं और वर्ष 2010 से बिहार की बांकीपुर विधानसभा सीट से विधायक हैं। इससे पहले वर्ष 2020 में जेपी नड्डा को भी कार्यकारी अध्यक्ष बनाए जाने के बाद स्थायी राष्ट्रीय अध्यक्ष नियुक्त किया गया था। पार्टी के इस संभावित फैसले को संगठन में नए नेतृत्व और युवा ऊर्जा के संकेत के रूप में देखा जा रहा है।

Post a Comment

Previous Post Next Post