दैनिक सांध्य बन्धु जबलपुर। पुलिस विभाग में अनुशासन और क्षमता बढ़ाने के उद्देश्य से पुलिस अधीक्षक सम्पत उपाध्याय (भा.पु.से.) ने आज शुक्रवार को पुलिस लाइन्स स्थित परेड ग्राउंड पर आयोजित जनरल परेड का निरीक्षण किया। रक्षित निरीक्षक जयप्रकाश आर्य द्वारा सलामी के बाद परेड की औपचारिक शुरुआत हुई। एसपी ने परेड में उपस्थित अधिकारियों और कर्मचारियों के टर्नआउट की जांच की तथा उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वालों को पुरस्कृत किया।
निरीक्षण के दौरान विभिन्न प्लाटूनों की ड्रिल, आर्म्स ड्रिल तथा यातायात प्लाटून द्वारा की गई मैनुअल ट्रैफिक सिग्नल ड्रिल का अवलोकन किया गया। इसके साथ ही एसपी उपाध्याय ने मौजूद अधिकारियों और कर्मचारियों से इंसास राइफल और पिस्टल खोलने एवं जोड़ने का व्यावहारिक अभ्यास भी करवाया।
परेड के उपरांत पुलिस अधीक्षक ने यातायात मालवीय चौक, यातायात गढ़ा और यातायात घमापुर में पदस्थ अधिकारियों और कर्मचारियों का दरबार लिया। इस दौरान उन्होंने बेहतर यातायात व्यवस्था सुनिश्चित करने के लिए विस्तृत चर्चा करते हुए समस्याओं की जानकारी प्राप्त की और निर्देश दिए कि शहर में ट्रैफिक सुचारू रूप से संचालित होना चाहिए। उन्होंने कहा कि संवेदनशीलता और जिम्मेदारी के साथ कर्तव्य निभाने पर सकारात्मक परिणाम निश्चित रूप से सामने आएंगे।
एसपी ने ट्रैफिक ड्यूटी के दौरान जनता से बेहतर व्यवहार करने, बॉडीवॉर्न कैमरों का नियमित उपयोग सुनिश्चित करने और कर्मचारियों की बताई गई समस्याओं के त्वरित निराकरण के निर्देश अधिकारियों को दिए।
जनरल परेड में अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक शहर आयुष गुप्ता, एएसपी यातायात अंजना तिवारी सहित जिले के सभी राजपत्रित अधिकारी, थाना प्रभारी और कुल 125 अधिकारी–कर्मचारी उपस्थित रहे।
Tags
jabalpur
