Jabalpur News: तेज रफ्तार डंपर ने बाइक सवारों को कुचला, जीजा-साली की मौत, पत्नी गंभीर रूप से घायल

दैनिक सांध्य बन्धु जबलपुर। गुरुवार शाम जबलपुर-पाटन रोड पर गुरु पिपरिया गांव के पास एक भयावह सड़क हादसे ने पूरा परिवार उजाड़ दिया। इलाज करवाने जबलपुर जा रहे बाइक सवार दंपती और साली को सामने से आए तेज रफ्तार डंपर ने जोरदार टक्कर मार दी। हादसे में जीजा चंदन सिंह (निवासी झलोन, बेलखेड़ा) और उनकी साली सेवती की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि पत्नी प्रीति सिंह गंभीर रूप से घायल हो गईं।

इलाज कराने जा रहे थे जबलपुर

जानकारी के अनुसार, चंदन सिंह अपनी पत्नी प्रीति और साली सेवती को बाइक में बैठाकर पाटन से जबलपुर इलाज के लिए निकले थे। रास्ते में मायके के पास होने से उन्होंने सेवती को भी साथ बैठा लिया। जैसे ही तीनों गुरु पिपरिया के पास पहुंचे, तभी सामने से आ रहे अज्ञात डंपर ने कार को क्रॉस करते हुए बाइक को रौंद दिया।

टक्कर इतनी भीषण थी कि चंदन और सेवती ट्रक के नीचे आ गए, जबकि प्रीति दूर जाकर गिर पड़ीं और बेहोश हो गईं।

राहगीरों ने बचाई जान

हादसे के बाद मौके पर मौजूद लोगों ने तुरंत पुलिस और 108 एंबुलेंस को सूचना दी। पुलिस ने घायल प्रीति को पाटन स्वास्थ्य केंद्र भेजा, जबकि मृतकों का पंचनामा कर शवों को पीएम के लिए भेजा गया।

घायल प्रीति सिंह ने होश में आने पर बताया कि दोपहर करीब 3 बजे वे जबलपुर के लिए निकले थे। तभी सामने से आए डंपर ने कार को ओवरटेक करते हुए उनकी बाइक को टक्कर मार दी। प्रीति के मुताबिक, टक्कर लगते ही वह बेहोश हो गई और कुछ समझ ही नहीं पाई।

पुलिस कर रही अज्ञात वाहन की तलाश

पाटन थाना प्रभारी गोपेंद्र सिंह ने बताया कि हादसे में दो लोगों की मौत हुई है। परिवार को सूचना दे दी गई है और पीएम के बाद शव परिजनों को सौंप दिए जाएंगे। पुलिस ने अज्ञात डंपर की तलाश शुरू कर दी है।

Post a Comment

Previous Post Next Post