Jabalpur News: पुरानी रंजिश में किशोर पर चाकू से हमला

दैनिक सांध्य बन्धु जबलपुर। थाना रांझी क्षेत्र में पुरानी रंजिश के चलते एक 17 वर्षीय किशोर पर चाकू से हमला किए जाने का मामला सामने आया है। इस संबंध में सोनू सोनकर (45) निवासी बापूनगर, रांझी ने थाने में रिपोर्ट दर्ज कराई है।

सोनू सोनकर ने पुलिस को बताया कि वह सुअर खरीदने और बेचने का काम करता है। बीती रात करीब 8 बजे उसके पिता कोमल सोनकर ने आकर सूचना दी कि शुभम सोनकर पर साहिल चौधरी और हरीश ने चाकू से हमला कर सिर में गंभीर चोट पहुंचाई है। सूचना मिलते ही वह बापूनगर स्थित दुर्गा मंदिर के पास पहुंचा, जहां शुभम खून से लथपथ हालत में पड़ा मिला।

घायल शुभम सोनकर ने बताया कि पुरानी रंजिश को लेकर साहिल चौधरी और हरीश वहां पहुंचे और गाली-गलौज करने लगे। विरोध करने पर दोनों ने जान से मारने की नीयत से हमला किया। इस दौरान हरीश ने शुभम को पकड़ लिया, जबकि साहिल चौधरी ने चाकू से वार कर उसके सिर में गंभीर चोट पहुंचाई।

परिजनों ने घायल किशोर को तत्काल ऑटो में बैठाकर बहू रानी सोनकर के साथ विक्टोरिया अस्पताल उपचार के लिए भेजा, जहां उसका इलाज चल रहा है।

पुलिस ने पीड़ित की शिकायत पर आरोपियों के खिलाफ धारा 296(ए), 109(1) और 3(5) बीएनएस के तहत मामला दर्ज कर विवेचना शुरू कर दी है।

Post a Comment

Previous Post Next Post