Jabalpur News: जुए के फड़ों पर पुलिस का छापा, 6 जुआरी गिरफ्तार; 23 हजार से अधिक नकद जब्त

दैनिक सांध्य बन्धु जबलपुर। थाना बरगी पुलिस ने जुए के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए तिन्सी रेलवे फाटक के पास रेल पटरी किनारे लगे दो जुआ फड़ों पर छापा मारकर 6 जुआरियों को रंगे हाथ गिरफ्तार किया है। पुलिस ने मौके से 23 हजार 60 रुपये नगद और ताश के पत्ते जब्त किए हैं।

थाना प्रभारी बरगी प्रशिक्षु डीएसपी हेमंत कुमार ने बताया कि उन्हें एक विश्वसनीय मुखबिर से सूचना मिली थी कि तिन्सी रेलवे फाटक के पास कुछ लोग ताश के पत्तों पर रुपये की हार-जीत का दांव लगाकर जुआ खेल रहे हैं। सूचना के आधार पर पुलिस टीम ने बताए गए स्थान पर दबिश दी, जहां दो अलग-अलग जुआ फड़ संचालित हो रहे थे।

पुलिस ने घेराबंदी कर मौके से छह जुआरियों को पकड़ा। पूछताछ में उन्होंने अपने नाम विनीत पटेल निवासी ग्राम निगरी, रोहित जायसवाल व फूलचंद तिवारी निवासी ग्राम सिलुआ, राकेश पटेल निवासी बरगीनगर, गोपाल स्वामी निवासी बरबटी और शेख अकरम निवासी बरगीनगर बताए।

पुलिस ने जुआरियों के पास और फड़ों से ताश के पत्ते व 23 हजार 60 रुपये नगद जब्त करते हुए सभी के खिलाफ धारा 13 जुआ एक्ट के तहत कार्रवाई की है।

इस कार्रवाई में प्रधान आरक्षक विजय पटेल व उदय प्रताप सिंह तथा आरक्षक बिपुल कुमार, सुधीर सिंह, प्रताप पन्द्रे और मुकेश पटेल की सराहनीय भूमिका रही।

Post a Comment

Previous Post Next Post