दैनिक सांध्य बन्धु सिवनी। मध्य प्रदेश के सिवनी जिले के आमगांव में सोमवार शाम करीब 6:30 बजे एक ट्रेनी विमान लैंडिंग के दौरान 33 केवी हाई वोल्टेज बिजली लाइन से टकराकर खेत में क्रैश हो गया। हादसे में ट्रेनर पायलट अजित एंथोनी और ट्रेनी पायलट अशोक छावड़ा घायल हो गए, जिन्हें इलाज के लिए अस्पताल भेजा गया। दोनों की हालत खतरे से बाहर बताई जा रही है।
जानकारी के अनुसार, रेड बर्ड एविएशन कंपनी का यह ट्रेनी विमान सुकतरा हवाई पट्टी से उड़ान पर था। लैंडिंग के समय विमान का पंख बादलपार सब स्टेशन की 33 केवी लाइन के निचले हिस्से से टकरा गया। टक्कर के साथ तेज धमाका हुआ और चिंगारियां निकलीं। इसके बाद विमान असंतुलित होकर पास के खेत में जा गिरा। लाइन के तुरंत ट्रिप हो जाने से बड़ी दुर्घटना टल गई।
धमाके की आवाज सुनकर ग्रामीण मौके पर पहुंचे और बिजली विभाग को सूचना दी। ग्रामीणों की मदद से दोनों पायलटों को अस्पताल पहुंचाया गया। कुरई टीआई कृपाल सिंह तेकाम ने बताया कि प्रारंभिक जांच में इंजन में पावर जनरेट न होने की बात सामने आई है। पायलट ने इमरजेंसी लैंडिंग की तैयारी की थी, इसी दौरान विमान बिजली लाइन से टकरा गया।
बिजली विभाग के एक्जीक्यूटिव इंजीनियर सुभाष राय ने बताया कि तार टूटने से बादलपार और ग्वारी सब स्टेशन क्षेत्र के करीब 90 गांवों की बिजली आपूर्ति बाधित हो गई है। मरम्मत का काम जारी है।
स्थानीय ग्रामीणों ने रेड बर्ड एविएशन कंपनी पर सुरक्षा मानकों की अनदेखी का आरोप लगाया है। उनका कहना है कि इससे पहले भी इसी साल मई में दो बार विमान रनवे पर फिसलने और पलटने की घटनाएं हो चुकी हैं, जिसके बाद कुछ समय के लिए उड़ान प्रशिक्षण रोका गया था। कंपनी की ओर से फिलहाल कोई प्रतिक्रिया नहीं मिली है।
Tags
madhya pradesh
