दैनिक सांध्य बन्धु सतना। मध्य प्रदेश सरकार में राज्यमंत्री प्रतिमा बागरी के भाई अनिल बागरी को सतना जिले की रामपुर बघेलान पुलिस ने गांजा तस्करी के आरोप में गिरफ्तार किया है। पुलिस ने अनिल बागरी और उसके साथी पंकज सिंह से कुल 46 किलोग्राम गांजा बरामद किया है, जिसकी बाजार कीमत करीब 9.22 लाख रुपए बताई जा रही है।
एडिशनल एसपी प्रेमलाल धुर्वे के अनुसार, 7-8 दिसंबर की दरम्यानी रात मुखबिर की सूचना पर पुलिस ने मरौहा गांव में पंकज सिंह के घर पर दबिश दी। घर के बाहर बने टीन शेड में धान की बोरियों के नीचे चार बोरियों में छिपाकर रखे गए 48 पैकेट गांजा जब्त किया गया।
पूछताछ में पंकज सिंह ने बताया कि यह गांजा अनिल बागरी और उसके बहनोई शैलेन्द्र सिंह का है। इसके बाद पुलिस ने अनिल बागरी को भी गिरफ्तार कर लिया। दोनों आरोपियों को एनडीपीएस एक्ट की विशेष अदालत में पेश किया गया, जहां से उन्हें 19 दिसंबर तक न्यायिक हिरासत में जेल भेज दिया गया है।
गौरतलब है कि अनिल बागरी के बहनोई शैलेन्द्र सिंह को इससे पहले 3 दिसंबर को उत्तर प्रदेश के बांदा जिले में गांजा तस्करी के मामले में गिरफ्तार किया जा चुका है। शैलेन्द्र सिंह के खिलाफ नशीली कफ सिरप, गांजा और शराब तस्करी के कई पुराने मामले भी दर्ज हैं।
इधर, खजुराहो में मीडिया द्वारा सवाल पूछे जाने पर राज्यमंत्री प्रतिमा बागरी नाराज नजर आईं और सवालों को “फालतू की बातें” बताते हुए वहां से चली गईं। वहीं, उनके पिता जय प्रताप बागरी ने भी इस मामले पर बात करने से इनकार कर दिया।
पुलिस के मुताबिक, मामले में एक आरोपी फरार बताया जा रहा है, जबकि जांच जारी है।
Tags
madhya pradesh
