दैनिक सांध्य बन्धु जबलपुर। थाना भेड़ाघाट क्षेत्र अंतर्गत सहजपुर ब्रिज के पास हुई अंधी हत्या की गुत्थी को पुलिस ने सुलझा लिया है। आपसी रंजिश के चलते युवक की निर्मम हत्या करने वाले 1 विधि विवादित बालक सहित कुल 7 आरोपियों को पुलिस ने गिरफ्तार किया है। घटना में प्रयुक्त दो चाकू, दो दोपहिया वाहन और आरोपियों के खून से सने कपड़े भी जब्त किए गए हैं।
गिरफ्तार आरोपियों में नकुल कोल पिता प्रमोद कोल (19 वर्ष) निवासी आजाद मोहल्ला बरमबाबा सहजपुर, नितिन उर्फ गज्जू बर्मन पिता देवी बर्मन (20 वर्ष) निवासी नया मोहल्ला खिरका खेड़ा थाना शहपुरा, दुर्गेश बर्मन पिता शंकर बर्मन (32 वर्ष) निवासी नया मोहल्ला खिरका खेड़ा थाना शहपुरा, दीपक बर्मन पिता स्व. मंगल बर्मन (20 वर्ष) निवासी नया मोहल्ला खिरका खेड़ा थाना शहपुरा, सौरभ ठाकुर उर्फ कालू पिता पवन ठाकुर (19 वर्ष), निवासी जैन मंदिर के पास, सहजपुर, अनिकेत उर्फ नंदी कोल पिता विनोद कोल (23 वर्ष) निवासी बरमबाबा आजाद मोहल्ला सहजपुर और एक 16 वर्षीय विधि विवादित बालक शामिल हैं।
दिनांक 3 जनवरी 2026 को थाना भेड़ाघाट पुलिस को सूचना मिली कि सहजपुर ब्रिज की सर्विस रोड पर एक व्यक्ति खून से लथपथ हालत में पड़ा है। मौके पर पहुंची पुलिस को ग्राम कोटवार मट्टूलाल चड़ार ने बताया कि दोपहर करीब 12:40 बजे उन्होंने कुछ युवकों को सर्विस रोड की ओर भागते हुए देखा था। पीछा करने पर अरविंद पटेल के प्लॉट के सामने एक व्यक्ति मृत अवस्था में मिला।
मृतक की पहचान महेन्द्र उर्फ अभिषेक साहू (27 वर्ष), निवासी ग्राम भुवारा, थाना पाटन के रूप में हुई। उसके चेहरे और गर्दन पर धारदार हथियार से किए गए गंभीर वार के निशान थे, जिससे स्पष्ट हुआ कि उसकी बेरहमी से हत्या की गई है।
घटना की जानकारी मिलते ही पुलिस अधीक्षक सम्पत उपाध्याय (भा.पु.से.) के निर्देश पर अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक यातायात सुश्री अंजना तिवारी, नगर पुलिस अधीक्षक बरगी अंजुल अयंक मिश्रा, एफएसएल अधिकारी एवं डॉग स्क्वाड मौके पर पहुंचे। पंचनामा कार्रवाई कर शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया और अज्ञात आरोपियों के खिलाफ धारा 103(1) बीएनएस के तहत प्रकरण दर्ज किया गया।
वरिष्ठ अधिकारियों के मार्गदर्शन में थाना प्रभारी भेड़ाघाट कमलेश चौरिया के नेतृत्व में टीम गठित की गई। सीसीटीवी फुटेज, घटनास्थल के आसपास मौजूद लोगों से पूछताछ और तकनीकी साक्ष्यों के आधार पर आरोपियों को चिन्हित कर हिरासत में लिया गया।
पूछताछ में सामने आया कि घटना वाले दिन मृतक महेन्द्र उर्फ अभिषेक साहू का सौरभ ठाकुर उर्फ गोलू से विवाद हो गया था। इसके बाद सभी आरोपी दो बिना नंबर की पल्सर और हीरो डिलक्स मोटरसाइकिल (क्रमांक एमपी 20 एनई 9469) से शहपुरा ब्रिज के पास सर्विस रोड पहुंचे, जहां नकुल कोल और नितिन उर्फ गज्जू बर्मन ने चाकुओं से हमला कर महेन्द्र की हत्या कर दी।
पुलिस ने आरोपियों की निशानदेही पर घटना में प्रयुक्त दो चाकू, दोनों दोपहिया वाहन और वारदात के समय पहने गए कपड़े जब्त किए। छह आरोपियों को विधिवत गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश किया गया, जबकि विधि विवादित बालक को किशोर न्याय अधिनियम के तहत संबंधित प्रक्रिया में लिया गया।
इस अंधी हत्या के खुलासे में थाना प्रभारी भेड़ाघाट कमलेश चौरिया, उप निरीक्षक उमंग अग्रवाल, सहायक उप निरीक्षक तेजराम सिंह, आरक्षक हरि सिंह, हरीश डेहरिया, श्रीपाल कुमरे, अरविंद सनोडिया, तथा क्राइम ब्रांच की टीम की महत्वपूर्ण और सराहनीय भूमिका रही।
Tags
jabalpur



