Jabalpur News: बार में बिल विवाद के बाद युवक पर किया जानलेवा हमला, सिर पर किया वार, मोबाइल तोड़ा, लूटी चैन

दैनिक सांध्य बन्धु जबलपुर। शहर के महिफल बार में बिल को लेकर हुए विवाद के बाद एक युवक पर गंभीर हमला किए जाने, लूटपाट, मोबाइल तोड़फोड़ और जान से मारने की धमकी का सनसनीखेज मामला सामने आया है। पीड़ित युवक वर्तमान में अस्पताल में भर्ती है और परिजनों का आरोप है कि घटना के कई दिन बाद भी पुलिस द्वारा कोई ठोस कार्रवाई नहीं की जा रही है। इसके चलते पीड़ित ने पुलिस अधीक्षक कार्यालय पहुंचकर लिखित शिकायत दर्ज कराई है।

प्राप्त जानकारी के अनुसार अंशुल साहू पिता राकेश साहू, निवासी शंकर नगर, शहीद विक्रम स्कूल के पास, मदर टेरेसा नगर, थाना माढोताल, जिला जबलपुर ने पुलिस प्रशासन को आवेदन सौंपते हुए बताया कि वह अनमोल हुंडई में वाहन क्रय-विक्रय व गाड़ियों की चेकिंग का कार्य करता है तथा साथ ही ज्ञानगंगा कॉलेज में बी-फार्मा की पढ़ाई भी कर रहा है।

अंशुल के अनुसार दिनांक 30 दिसंबर 2025 की रात लगभग 10:30 से 11 बजे के बीच वह अपने मित्र सौरभ के साथ काम से लौट रहा था। इसी दौरान वे सौरभ के छोटे भाई से मिलने महिफल बार, जो दीनदयाल के पास मंडी के सामने स्थित है, पहुंचे। वहां बैठकर बातचीत की गई और जो भी बिल बना, उसका ऑनलाइन भुगतान भी कर दिया गया।

बिल को लेकर विवाद, गाली-गलौज का आरोप

पीड़ित का आरोप है कि बार के वेटर आयुष ने यह कहते हुए विवाद खड़ा कर दिया कि पूरा पैसा नहीं दिया गया है, जबकि अंशुल ने शराब का सेवन भी नहीं किया था। जब अंशुल बिल चेक करने के लिए काउंटर पर गया और बिल दिखाने की बात कही, तो वहां मौजूद मोनिश नामक व्यक्ति ने कथित तौर पर अभद्र भाषा का प्रयोग करते हुए गाली-गलौज शुरू कर दी।

बेसबॉल बैट से सिर पर हमला, लूटपाट का आरोप

आवेदन में बताया गया कि बहस के दौरान मोनिश ने अचानक हाथापाई शुरू कर दी और बेसबॉल बैट से अंशुल के सिर पर हमला कर दिया। इस हमले के बाद अंशुल को होश नहीं रहा। जब उसके मित्र मौके पर पहुंचे तो उनके साथ भी मारपीट की गई। पीड़ित का आरोप है कि इस दौरान उसके साथ लूटपाट करते हुए सोने की दो अंगूठियां भी छीन ली गईं।

वीडियो बनाने पर मोबाइल तोड़ा, दी जान से मारने की धमकी

पीड़ित ने बताया कि जब उसके मित्रों ने घटना का वीडियो बनाना शुरू किया तो आरोपियों ने उनके मोबाइल फोन तोड़ दिए और वीडियो डिलीट करने का दबाव बनाया। विरोध करने पर और मारपीट की गई तथा जान से मारने की धमकी दी गई। अंशुल का मोबाइल फोन भी तोड़ दिया गया।

अस्पताल में भर्ती, कार्रवाई न होने का आरोप

अंशुल साहू ने बताया कि वह फिलहाल अस्पताल में इलाजरत है। परिजनों द्वारा थाने में रिपोर्ट दर्ज कराने के बावजूद अब तक कोई ठोस पुलिस कार्रवाई नहीं की गई है। इससे आहत होकर पीड़ित ने आज पुलिस अधीक्षक कार्यालय पहुंचकर पूरे मामले की लिखित शिकायत दर्ज कराई है और आरोपियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग की है।

Post a Comment

Previous Post Next Post