दैनिक सांध्य बन्धु जबलपुर। जबलपुर में साइबर ठगों ने विश्व हिंदू परिषद (विहिप) महाकौशल से जुड़े सैकड़ों व्हाट्सऐप ग्रुप को निशाना बनाकर बड़ा साइबर हमला किया है। ठगों ने ग्रुप हैक कर उनके नाम और प्रोफाइल फोटो बदल दिए, फर्जी एडमिन बना दिए और एसबीआई (SBI) के नाम से संदिग्ध लिंक भेजकर ठगी की कोशिश की।
विहिप से जुड़े इन ग्रुप्स में संगठनात्मक कार्यक्रमों और महत्वपूर्ण सूचनाओं का आदान-प्रदान होता था। अचानक ग्रुप का नाम “विहिप महाकौशल” से बदलकर “स्टेट बैंक ऑफ इंडिया” कर दिया गया और एसबीआई का लोगो लगा दिया गया। कई अज्ञात नंबर ग्रुप में जोड़े गए और कुछ को एडमिन भी बना दिया गया।
विहिप पदाधिकारी पंकज कुमार ने बताया कि दो दिन पहले तक सब सामान्य था, लेकिन अचानक ग्रुप का नाम, फोटो और एडमिन बदल गए। कुछ ग्रुप्स में संगठन से जुड़े संदेशों की जगह संदिग्ध लिंक आने लगे, जिन्हें खोलने पर विज्ञापन या अन्य पेज खुल रहे थे।
घटना के बाद विहिप कार्यकर्ताओं ने एक-दूसरे को अलर्ट किया और किसी भी अनजान लिंक पर क्लिक न करने की अपील की। मामले की शिकायत साइबर सेल में दर्ज कराई गई है।
इस संबंध में एएसपी आयुष गुप्ता ने बताया कि साइबर ठग सोशल मीडिया पर फर्जी या बदले हुए ग्रुप के जरिए लोगों को लिंक भेजकर ठगी करते हैं। उन्होंने अपील की कि अनजान ग्रुप से जुड़ने या किसी लिंक पर क्लिक करने से बचें, क्योंकि इससे मोबाइल और बैंकिंग जानकारी लीक होकर खाते से पैसे निकल सकते हैं।
पुलिस ने लोगों से सतर्क रहने और किसी भी संदिग्ध गतिविधि की तुरंत सूचना साइबर सेल को देने की अपील की है।
Tags
jabalpur

