दैनिक सांध्य बन्धु जबलपुर। मध्य प्रदेश के जबलपुर में ठंड के साथ घने कोहरे का कहर जारी है। शनिवार को शहर और आसपास के इलाकों में सुबह से ही घना कोहरा छाया रहा। हालात ऐसे बने कि विजिबिलिटी 20 मीटर से भी कम रह गई, मजबूरन वाहन चालकों को लाइट जलाकर गाड़ियां चलानी पड़ीं।
नेशनल हाईवे पर हादसा
जबलपुर–नागपुर नेशनल हाईवे पर कोहरे के कारण यातायात प्रभावित रहा। शनिवार सुबह सिवनी की ओर जा रहा एक ट्रक सड़क किनारे पलट गया। गनीमत रही कि इस हादसे में किसी तरह की जनहानि नहीं हुई, हालांकि ट्रक को भारी नुकसान पहुंचा। कोहरे के कारण कई वाहन सड़क किनारे खड़े होकर दृश्यता बेहतर होने का इंतजार करते दिखे।
आगामी तीन दिनों तक घना कोहरा, फिर बढ़ेगी सर्दी
मौसम विभाग के अनुसार अगले तीन दिनों तक घना कोहरा छाया रहेगा। इसके बाद प्रदेश में कड़ाके की ठंड का दौर शुरू होने की संभावना है। शुक्रवार को भी आधे प्रदेश में कहीं घना तो कहीं मध्यम कोहरा देखने को मिला, जबकि 15 शहरों में दिन का तापमान 24 डिग्री सेल्सियस से नीचे दर्ज किया गया।
जबलपुर का मौसम इतिहास: रिकॉर्ड ठंड और बारिश
जनवरी का महीना जबलपुर में सबसे ज्यादा ठंड के लिए जाना जाता है।
7 जनवरी 1946 को रात का न्यूनतम तापमान 1.1 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड किया गया था।
7 जनवरी 1973 को दिन का अधिकतम तापमान 33.4 डिग्री सेल्सियस तक पहुंचा था।
24 जनवरी 1919 को 24 घंटे में 2.5 इंच बारिश हुई थी, जबकि पूरे महीने में 8 इंच से अधिक वर्षा दर्ज की गई थी।
प्रदेश में कोहरे का असर, कई जिलों में हालात गंभीर
मध्य प्रदेश में रात की कड़ाके की ठंड भले ही कुछ कम हुई हो, लेकिन घना कोहरा चिंता बढ़ा रहा है। भोपाल, सीहोर, रायसेन, शाजापुर और धार में सुबह 9 बजे के बाद भी कोहरा बना रहा। सीहोर में तो विजिबिलिटी महज 20 मीटर तक सिमट गई।
जनवरी में लंबा चलेगा शीतलहर का दौर
सीनियर मौसम वैज्ञानिक डॉ. दिव्या ई. सुरेंद्रन के मुताबिक इस बार दिसंबर में प्रदेश में कहीं भी बारिश नहीं हुई, मौसम साफ रहा। भोपाल, इंदौर सहित कई जिलों में 15–16 दिन तक शीतलहर चली।
जनवरी में भी ऐसा ही ट्रेंड रहने की संभावना है। मौसम विभाग के अनुसार इस महीने 15 से 20 दिन तक शीतलहर चल सकती है। कड़ाके की ठंड का दौर दूसरे सप्ताह से शुरू होकर महीने के अंत तक बना रह सकता है।
बारिश के भी आसार
साल के पहले दिन ग्वालियर में हल्की बारिश दर्ज की गई। वहीं भोपाल, जबलपुर सहित इंदौर में बारिश की संभावना जताई गई है।
