Jabalpur News Update: मोहरिया में युवक को गोली मारकर बदमाश फरार, पीड़ित की हालत गंभीर

दैनिक सांध्य बन्धु जबलपुर।
थाना हनुमानताल क्षेत्र अंतर्गत मोहरिया इलाके में बीती रात गोली चलने की सनसनीखेज घटना सामने आई। गोली चलने की सूचना पर मौके पर पहुंची पुलिस ने घायल युवक को तत्काल उपचार हेतु विक्टोरिया अस्पताल पहुंचाया, जहां से उसकी गंभीर हालत को देखते हुए मेडिकल कॉलेज रेफर कर दिया गया। फिलहाल घायल युवक का मेडिकल कॉलेज में इलाज जारी है।

पुलिस पूछताछ में घायल ने अपना नाम मोहसिन उर्फ बल्लू मंसूरी (24 वर्ष), निवासी खेरमाई मंदिर के पास, अंबेडकर नगर अधारताल बताया। उसने बताया कि वह मेले में चूड़ी बेचने का काम करता है। बीती रात करीब 8 बजे वह हसन होटल के पास मोहरिया गया था। होटल के बाजू वाली गली में बाथरूम करने के दौरान एक अज्ञात व्यक्ति होंडा साइन मोटरसाइकिल से हसन होटल की ओर से आया और बिना कुछ बोले उसके बाएं तरफ खड़े होकर जान से मारने की नीयत से गोली चला दी।

गोली लगने के बाद आरोपी मोटरसाइकिल मोड़कर हसन होटल की ओर भाग गया। भागते समय आरोपी की पिस्टल जमीन पर गिर गई, जिसे घायल युवक ने उठा लिया। गोली युवक की जांघ में लगी है।

पीड़ित के अनुसार, आरोपी काला चश्मा और टोपी पहने हुए था तथा उसने जर्किन पहन रखी थी, जिसकी बांह पर सफेद रंग की पट्टी बनी हुई थी। पुलिस ने घटना में प्रयुक्त पिस्टल को जब्त कर लिया है।

थाना हनुमानताल पुलिस ने रिपोर्ट के आधार पर धारा 109(1) बीएनएस एवं 25, 27 आर्म्स एक्ट के तहत अपराध पंजीबद्ध कर मामले को विवेचना में ले लिया है। आरोपी की तलाश जारी है।

Post a Comment

Previous Post Next Post