MP News: शादी में हर्ष फायरिंग से 4 घायल, दूल्हे का दोस्त गिरफ्तार

दैनिक सांध्य बन्धु (एजेंसी) रायसेन। रायसेन में गुरुवार रात एक शादी समारोह के दौरान हर्ष फायरिंग की घटना में भोपाल के चार युवक घायल हो गए। यह घटना रात करीब 10:30 बजे सागर रोड स्थित एक गार्डन के बाहर हुई, जब भोपाल से आई बारात गार्डन के मुख्य गेट पर पहुंची थी।

खुशी के जश्न में चली गोली, मची अफरा-तफरी

जानकारी के अनुसार, रायसेन निवासी हेमलता कन्हैयालाल पीपरोलिया की बेटी पल्लवी की शादी भोपाल निवासी मोहित के साथ हो रही थी। बारात के स्वागत के दौरान दूल्हे के एक दोस्त ने खुशी में बंदूक से फायर करने की कोशिश की। इसी दौरान बंदूक की नाल नीचे की ओर हो गई और अचानक ट्रिगर दबने से गोली चल गई, जिससे वहां मौजूद लोगों में अफरा-तफरी मच गई।

साउंड कारतूस की जगह असली गोली का इस्तेमाल

पुलिस जांच में सामने आया कि हर्ष फायरिंग के लिए साउंड कारतूस की बजाय असली गोली का इस्तेमाल किया जा रहा था। 12 बोर बंदूक में दो गोलियां डाली गई थीं। एक गोली हवा में चली गई, जबकि दूसरी गोली नीचे की ओर चलने से पास खड़े लोगों को छर्रे लग गए।

चार युवक घायल, फोटोग्राफर भी शामिल

फायरिंग के दौरान छर्रे पास में फोटोशूट कर रहे और नाच रहे चार युवकों को लगे। घायलों की पहचान अतुल धाकड़, पवन चौरसिया, सौरभ भारतोले (फोटोग्राफर) और अनिमेष कुशवाह के रूप में हुई है। सभी घायल भोपाल के निवासी हैं।

दो युवकों की हालत गंभीर, भोपाल रेफर

घायलों को तुरंत जिला अस्पताल ले जाया गया। डॉक्टरों के अनुसार दो युवकों की हालत गंभीर है। एक युवक की जांघ में छर्रे लगे हैं, जबकि दूसरे के पैर के पंजे में गंभीर चोट आई है। दो अन्य घायलों को प्राथमिक उपचार के बाद बेहतर इलाज के लिए भोपाल रेफर किया गया है।

आरोपी विदिशा से गिरफ्तार

घटना के बाद आरोपी मौके से फरार हो गया था। पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए उसे देर रात विदिशा से गिरफ्तार कर लिया। रायसेन पुलिस ने मामला दर्ज कर आरोपी से पूछताछ शुरू कर दी है।

Post a Comment

Previous Post Next Post