दैनिक सांध्य बन्धु (एजेंसी) नई दिल्ली। अंडर-19 वर्ल्ड कप फाइनल में भारतीय टीम ने शानदार बल्लेबाजी करते हुए इंग्लैंड के सामने 412 रन का विशाल लक्ष्य रखा। हरारे स्पोर्ट्स क्लब में खेले जा रहे इस मुकाबले में भारत ने टॉस जीतकर पहले बल्लेबाजी करते हुए 50 ओवर में 9 विकेट पर 411 रन बनाए। यह अंडर-19 वर्ल्ड कप फाइनल के इतिहास का सबसे बड़ा स्कोर है। इससे पहले फाइनल में सबसे बड़ा स्कोर 253 रन था।
भारतीय पारी के हीरो वैभव सूर्यवंशी रहे, जिन्होंने सिर्फ 80 गेंदों में 175 रन की विस्फोटक पारी खेली। उन्होंने 218.75 की स्ट्राइक रेट से बल्लेबाजी करते हुए 15 चौके और 15 छक्के लगाए। यह अंडर-19 वर्ल्ड कप फाइनल का सबसे बड़ा व्यक्तिगत स्कोर भी है। कप्तान आयुष म्हात्रे ने 53 रन की महत्वपूर्ण पारी खेली, जबकि अभिज्ञान कुंडू ने 40, वेदांत त्रिवेदी ने 32, विहान मल्होत्रा ने 30 रन बनाए और कनिष्क चौहान 37 रन बनाकर नाबाद रहे।
412 रन के लक्ष्य का पीछा करते हुए इंग्लैंड ने तेज शुरुआत की और 17 ओवर में 2 विकेट पर 130 रन बना लिए हैं। बेन डॉकिन्स और कप्तान थॉमस रेव क्रीज पर मौजूद हैं। बेन मेयस 45 रन बनाकर खिलन पटेल की गेंद पर हेनिल पटेल के हाथों कैच आउट हुए, जबकि जोसेफ मोरिस 17 रन बनाकर आरएस अंबरीश की गेंद पर बोल्ड हुए।
इससे पहले भारत ने शुरुआत से ही आक्रामक बल्लेबाजी की। वैभव सूर्यवंशी और आयुष म्हात्रे के बीच दूसरे विकेट के लिए 142 रन की साझेदारी हुई, जिसने टीम को मजबूत स्थिति में पहुंचाया। वैभव ने सिर्फ 55 गेंदों में अपना शतक पूरा किया और पूरे मैच में इंग्लैंड के गेंदबाजों पर दबाव बनाए रखा।
भारतीय गेंदबाजों ने भी अच्छी शुरुआत की और शुरुआती ओवरों में रन रोककर दबाव बनाया, लेकिन इंग्लैंड के बल्लेबाजों ने बाद में तेजी से रन बनाए। फिलहाल मैच रोमांचक स्थिति में है और भारत जीत से कुछ विकेट दूर है, जबकि इंग्लैंड को जीत के लिए अभी लंबा सफर तय करना बाकी है।
Tags
national
