दैनिक सांध्य बन्धु (एजेंसी) नई दिल्ली। सोने और चांदी की कीमतों में लगातार गिरावट देखने को मिल रही है। इंडिया बुलियन एंड ज्वेलर्स एसोसिएशन (IBJA) के अनुसार, शुक्रवार को चांदी की कीमत 9,410 रुपए घटकर 2,44,929 रुपए प्रति किलो पर पहुंच गई। इससे पहले गुरुवार को चांदी 2,54,339 रुपए प्रति किलो थी। इस तरह सिर्फ दो दिनों में चांदी की कीमत कुल 37,533 रुपए कम हो चुकी है।
वहीं सोने की कीमत में भी गिरावट दर्ज की गई। 24 कैरेट सोने का भाव 424 रुपए घटकर 1,52,078 रुपए प्रति 10 ग्राम पर आ गया। गुरुवार को यह 1,52,502 रुपए प्रति 10 ग्राम था। पिछले दो दिनों में सोने की कीमत कुल 6,080 रुपए कम हो गई है।
गौरतलब है कि इससे पहले सोना और चांदी रिकॉर्ड ऊंचाई पर पहुंच गए थे। 29 जनवरी को सोने ने 1,76,121 रुपए प्रति 10 ग्राम और चांदी ने 3,85,933 रुपए प्रति किलो का ऑल टाइम हाई बनाया था। इसके बाद बाजार में तेज गिरावट देखने को मिली।
इससे पहले 29 जनवरी से 2 फरवरी के बीच भी चांदी की कीमत में करीब 1.60 लाख रुपए प्रति किलो की भारी गिरावट दर्ज की गई थी। इसी अवधि में सोना भी लगभग 26 हजार रुपए प्रति 10 ग्राम सस्ता हुआ था। हालांकि बाद में दोनों धातुओं में कुछ समय के लिए तेजी आई, लेकिन अब फिर गिरावट का रुख बना हुआ है।
विशेषज्ञों के अनुसार, हालिया गिरावट की मुख्य वजह प्रॉफिट बुकिंग और फिजिकल डिमांड में कमी है। जब कीमतें रिकॉर्ड स्तर पर पहुंचती हैं तो निवेशक मुनाफा निकालने के लिए बिक्री बढ़ा देते हैं, जिससे कीमतें नीचे आती हैं। साथ ही ऊंचे दामों के कारण बाजार में खरीदारी भी कमजोर पड़ जाती है।
Tags
national
