Breaking News: भारत ने छठी बार अंडर-19 वर्ल्ड कप जीता, इंग्लैंड को 100 रन से हराया; वैभव सूर्यवंशी ने ठोके 175 रन

दैनिक सांध्य बन्धु (एजेंसी) नई दिल्ली। भारत ने शानदार प्रदर्शन करते हुए छठी बार अंडर-19 वर्ल्ड कप का खिताब अपने नाम कर लिया। शुक्रवार को हरारे स्पोर्ट्स क्लब में खेले गए फाइनल मुकाबले में भारतीय टीम ने इंग्लैंड को 100 रन से हराकर इतिहास रच दिया। टॉस जीतकर पहले बल्लेबाजी करते हुए भारत ने 50 ओवर में 9 विकेट के नुकसान पर 411 रन का विशाल स्कोर खड़ा किया।

भारतीय टीम की जीत के हीरो ओपनर वैभव सूर्यवंशी रहे, जिन्होंने तूफानी बल्लेबाजी करते हुए सिर्फ 80 गेंदों में 175 रन बनाए। उनकी पारी में 15 चौके और 15 छक्के शामिल रहे। कप्तान आयुष म्हात्रे ने भी टीम को मजबूती देते हुए 53 रन का महत्वपूर्ण योगदान दिया। इंग्लैंड की ओर से सेबेस्टियन मॉर्गन और एलेक्स ग्रीन ने 2-2 विकेट लिए, लेकिन भारतीय बल्लेबाजों को रोकने में नाकाम रहे।

412 रन के बड़े लक्ष्य का पीछा करने उतरी इंग्लैंड की टीम 40.2 ओवर में 311 रन पर ऑलआउट हो गई। इंग्लैंड के बल्लेबाज कालेब फॉल्कनर ने शानदार 115 रन बनाए और टीम को संभालने की कोशिश की, लेकिन दूसरे छोर से लगातार विकेट गिरते रहे। भारत की ओर से आरएस अंबरीश ने शानदार गेंदबाजी करते हुए 3 विकेट झटके और टीम की जीत में अहम भूमिका निभाई।

Post a Comment

Previous Post Next Post