दैनिक सांध्य बन्धु (एजेंसी) जालंधर। पंजाब के जालंधर में आम आदमी पार्टी (AAP) के नेता सतिंदर पाल सिंह जोगी उर्फ लक्की ओबरॉय (43) की शुक्रवार सुबह सरेआम गोली मारकर हत्या कर दी गई। यह हमला उस समय हुआ जब वे मॉडल टाउन इलाके में स्थित गुरुद्वारे में माथा टेकने के बाद अपनी थार गाड़ी में बैठ रहे थे। स्कूटी पर आए दो हमलावरों ने उन पर ताबड़तोड़ फायरिंग की और मौके से फरार हो गए।
हमले में लक्की ओबरॉय को कुल छह गोलियां लगीं, जिनमें पांच गोलियां सीने में और एक सिर में लगी। गोली लगते ही वे अपनी थार की सीट पर ही लुढ़क गए। घटना के बाद परिजन उन्हें तुरंत एक निजी अस्पताल लेकर पहुंचे, जहां डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया। इसके बाद उन्हें दूसरे अस्पताल भी ले जाया गया, लेकिन वहां भी उनकी मौत की पुष्टि कर दी गई।
पुलिस के अनुसार, लक्की ओबरॉय रोजाना सुबह करीब 7 बजे गुरुद्वारे में माथा टेकने आते थे और हमलावरों ने पहले से उनकी रेकी कर रखी थी। हमलावर गुरुद्वारे के बाहर उनके निकलने का इंतजार कर रहे थे। जैसे ही वे अपनी गाड़ी में बैठे, आरोपियों ने करीब से गोलियां चला दीं। हमले के दौरान गाड़ी के शीशे भी चकनाचूर हो गए। पूरी वारदात पास लगे CCTV कैमरे में कैद हो गई है, जिसमें एक हमलावर दोनों हाथों में पिस्टल लेकर फायरिंग करता दिखाई दे रहा है।
घटना के बाद पंजाब के डीजीपी गौरव यादव जालंधर पहुंचे और मामले की जांच के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि इस केस को प्रोफेशनल तरीके से सुलझाया जाएगा और सभी एंगल से जांच की जा रही है।
इस बीच गैंगस्टर जोगा फोलड़ीवाल ने सोशल मीडिया पर पोस्ट कर हत्या की जिम्मेदारी ली है। उसने दावा किया कि यह हत्या आपसी दुश्मनी और खालसा कॉलेज की प्रधानगी को लेकर विवाद के कारण की गई। उसने लक्की ओबरॉय पर नशा तस्करी और अन्य आपराधिक गतिविधियों में शामिल होने के आरोप भी लगाए। हालांकि पुलिस ने इन दावों की आधिकारिक पुष्टि नहीं की है और मामले की जांच जारी है।
लक्की ओबरॉय आम आदमी पार्टी से जालंधर कैंट क्षेत्र के वार्ड-35 के हलका इंचार्ज थे। इस घटना के बाद इलाके में दहशत का माहौल है और पुलिस ने आरोपियों की तलाश तेज कर दी है।
Tags
national
