Jabalpur News: 58 वर्षीय महिला से दुष्कर्म, पति का 67 वर्षीय दोस्त गिरफ्तार, धमकी देकर करता रहा शोषण

दैनिक सांध्य बन्धु जबलपुर। शहर में 58 वर्षीय महिला से दुष्कर्म का मामला सामने आया है। महिला की शिकायत पर रांझी थाना पुलिस ने आरोपी 67 वर्षीय बुजुर्ग महेश चक्रवर्ती को गिरफ्तार कर लिया है। आरोपी पीड़िता के पति का करीबी दोस्त बताया जा रहा है।

पुलिस के अनुसार, पीड़ित महिला के पति और आरोपी एक ही शासकीय कार्यालय में साथ काम करते थे, जिससे दोनों के बीच गहरी दोस्ती थी। इसी परिचय का फायदा उठाते हुए आरोपी ने करीब एक साल पहले महिला के साथ जबरन दुष्कर्म किया।

महिला ने पुलिस को बताया कि वह प्रसाद देने के लिए आरोपी के घर गई थी। उस समय घर में आरोपी अकेला था। आरोपी ने महिला को अकेला पाकर जबरदस्ती संबंध बनाए। जब महिला ने विरोध किया तो आरोपी ने उसे जान से मारने की धमकी दी और बदनामी का डर दिखाकर चुप रहने के लिए मजबूर किया।

पीड़िता ने यह भी बताया कि इसके बाद जब भी आरोपी को महिला अकेले मिलती, वह धमकी देकर उसके साथ जबरन दुष्कर्म करता था। आरोपी बार-बार कहता था कि अगर किसी को बताया तो बदनामी महिला की ही होगी और उसके पारिवारिक रिश्ते खराब हो जाएंगे।

सितंबर 2025 में महिला के पति को इस घटना की जानकारी मिली। पति के पूछने पर महिला ने पूरी आपबीती बताई। इसके बाद शुक्रवार को महिला अपने पति के साथ रांझी थाने पहुंची और आरोपी के खिलाफ शिकायत दर्ज कराई।

रांझी थाना प्रभारी उमेश गोल्हानी ने बताया कि पुलिस ने आरोपी के खिलाफ दुष्कर्म की संबंधित धाराओं में मामला दर्ज कर उसे कुछ ही घंटों में गिरफ्तार कर लिया। आरोपी को कोर्ट में पेश किया गया, जहां से उसे न्यायिक हिरासत में जेल भेज दिया गया।

Post a Comment

Previous Post Next Post