दैनिक सांध्य बन्धु जबलपुर। पुलिस ने मोबाइल झपटने की घटना का खुलासा करते हुए एक आरोपी को गिरफ्तार किया है। आरोपी के कब्जे से छीना हुआ वीवो कंपनी का मोबाइल फोन और घटना में प्रयुक्त मोटरसाइकिल जब्त कर ली गई है।
पुलिस के अनुसार, संजीवनी नगर निवासी अधिवक्ता अमित कुमार शर्मा (51 वर्ष) ने 3 फरवरी 2026 को हनुमानताल थाने में रिपोर्ट दर्ज कराई थी। उन्होंने बताया कि दोपहर करीब 1:30 बजे वे कलेक्ट्रेट गेट नंबर-1 के पास अपने मोबाइल फोन से मित्र से बात कर रहे थे। इसी दौरान मोटरसाइकिल पर सवार एक अज्ञात युवक आया और उनके हाथ से वीवो कंपनी का मोबाइल झपटकर मौके से फरार हो गया।
रिपोर्ट के आधार पर पुलिस ने अपराध क्रमांक 70/26 दर्ज कर मामले की जांच शुरू की। जांच के दौरान पुलिस टीम ने आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों के फुटेज खंगाले और मुखबिरों को सक्रिय किया। इसी दौरान विश्वसनीय सूचना मिलने पर पुलिस ने बराट रोड स्थित पुल नंबर-3 के पास दबिश देकर एक संदिग्ध युवक को पकड़ा।
पूछताछ में युवक ने अपना नाम नूर सलाम उर्फ सरताज (18 वर्ष) निवासी जुगियाना मोहल्ला, मदार छल्ला, लाल बहादुर शास्त्री वार्ड, थाना हनुमानताल बताया। पूछताछ के दौरान आरोपी ने कलेक्ट्रेट गेट नंबर-1 के सामने से मोबाइल झपटने की घटना स्वीकार कर ली।
पुलिस ने आरोपी के कब्जे से छीना हुआ वीवो कंपनी का मोबाइल फोन और घटना में प्रयुक्त होंडा साइन मोटरसाइकिल (क्रमांक MP 20 NB 4128) जब्त कर लिया। इसके बाद आरोपी को गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश किया गया, जहां से उसे केंद्रीय जेल भेज दिया गया।
Tags
jabalpur
