Jabalpur News: फर्जी रजिस्ट्री मामले में फरार पार्षद पर 5 हजार का इनाम घोषित, अब तक 4 आरोपी गिरफ्तार

दैनिक सांध्य बन्धु जबलपुर। थाना गोहलपुर क्षेत्र में दर्ज फर्जी रजिस्ट्री के मामले में फरार पार्षद शफीक हीरा पर पुलिस ने 5 हजार रुपए का इनाम घोषित कर दिया है। इस प्रकरण में अब तक पुलिस चार आरोपियों को गिरफ्तार कर चुकी है, जबकि मुख्य आरोपी लंबे समय से फरार चल रहा है। यह मामला अपराध क्रमांक 522/2025 के तहत 24 जुलाई 2025 को भारतीय न्याय संहिता की धारा 318, 337, 338 और 34 के तहत दर्ज किया गया था। शिकायतकर्ता अधिवक्ता मोहम्मद अलतमश के अनुसार, उनकी जमीन प्लॉट नंबर 98, संजीवनी अस्पताल के पास की फर्जी तरीके से रजिस्ट्री कराई गई। आरोप है कि फर्जी आधार कार्ड बनाकर महिला की मदद से षड्यंत्रपूर्वक जमीन की रजिस्ट्री पार्षद शफीक हीरा ने अपने भांजे यूसुफ जावेद खान के नाम करा ली है। 


पुलिस जांच के दौरान गिरफ्तार आरोपी जावेद उर्फ गौस बाबू ने अपने बयान में पार्षद शफीक हीरा को इस पूरे षड्यंत्र का मास्टरमाइंड बताया है। जांच में यह भी सामने आया कि फर्जी आधार कार्ड शफीक हीरा के कार्यालय में तैयार किए गए और वहीं से पूरी साजिश को अंजाम दिया गया। शिकायतकर्ता का कहना है कि जमीन पर आज भी उनका वैध कब्जा है, इसके बावजूद फर्जी दस्तावेजों के आधार पर रजिस्ट्री कर दी गई। उन्होंने यह भी आरोप लगाया कि आरोपियों द्वारा उन्हें और उनके परिवार को लगातार जान से मारने की धमकियां दी जा रही हैं, जिससे उनकी सुरक्षा को लेकर चिंता बनी हुई है। 

बताया जा रहा है कि पार्षद शफीक हीरा पिछले करीब 1 माह से फरार है, जबकि यूसुफ जावेद खान पिछले 6 महीनों से पुलिस की गिरफ्त से बाहर है। पुलिस ने फरार आरोपी की गिरफ्तारी के लिए तलाश तेज कर दी है। पीड़ित अधिवक्ता मोहम्मद अलतमश ने आरोपियों की शीघ्र गिरफ्तारी की मांग की है।

Post a Comment

Previous Post Next Post