MP News: ग्वालियर में फेसबुक फ्रेंड ने छात्रा से 3 लाख ठगे

दैनिक सांध्य बन्धु (एजेंसी) ग्वालियर। शहर में ऑनलाइन ठगी का एक मामला सामने आया है, जहां फेसबुक पर दोस्ती करने वाले एक अनजान युवक ने बीए की 20 वर्षीय छात्रा से 3 लाख रुपए ठग लिए। इंदरगंज थाना पुलिस ने छात्रा की शिकायत पर मामला दर्ज कर आरोपियों की तलाश शुरू कर दी है।

जानकारी के अनुसार, शुभम कॉम्पलेक्स, डीडी मॉल के पीछे रहने वाली छात्रा की 15 जनवरी को फेसबुक पर एक युवक से दोस्ती हुई। युवक ने खुद को ऑनलाइन ट्रेडिंग एक्सपर्ट बताया और टास्क के जरिए निवेश पर 20 प्रतिशत तक मुनाफा देने का दावा किया। विश्वास दिलाने के लिए उसने छात्रा से पहले 200 रुपए निवेश करवाए, जिसके बदले छात्रा को 300 रुपए मिले। इससे छात्रा का भरोसा बढ़ गया और उसने धीरे-धीरे बड़ी रकम निवेश करना शुरू कर दिया।

ठगों ने छात्रा को एक व्हाट्सएप ग्रुप में जोड़कर अलग-अलग टास्क दिए और ज्यादा निवेश करने के लिए प्रेरित किया। छात्रा ने अपनी बचत से कुल 3 लाख रुपए निवेश कर दिए। जब उसने मुनाफे की रकम निकालने की कोशिश की, तो ठगों ने टैक्स के नाम पर और 3 लाख रुपए जमा करने की मांग की। इस पर छात्रा को शक हुआ और उसने पैसे वापस मांगे, लेकिन ठगों ने संपर्क बंद कर दिया और मोबाइल फोन स्विच ऑफ कर लिया।

ठगी का एहसास होने पर छात्रा ने वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक (एसएसपी) कार्यालय पहुंचकर शिकायत दर्ज कराई। एसएसपी के निर्देश पर इंदरगंज थाना पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।

पुलिस अधिकारियों का कहना है कि आरोपी ने फेसबुक पर दोस्ती कर ऑनलाइन ट्रेडिंग और टास्क के नाम पर 20 प्रतिशत लाभ का झांसा देकर छात्रा से ठगी की है। पुलिस अब आरोपी की पहचान और गिरफ्तारी के प्रयास कर रही है।

पुलिस ने लोगों से अपील की है कि सोशल मीडिया पर अनजान लोगों के झांसे में आकर निवेश न करें और किसी भी संदिग्ध गतिविधि की तुरंत पुलिस को सूचना दें।

Post a Comment

Previous Post Next Post